उदित वाणी, जमशेदपुर: बाबा बैद्यनाथ सेवा संघ की ओर से आगामी 17 जुलाई को आयोजित होने वाली निशुल्क कांवर यात्रा का पंजीयन का कार्य पूरा हो गया है. यह जानकारी संघ के संस्थापक सदस्य विकास सिंह ने दाईगुट्टू स्थित बड़ा हनुमान मंदिर में आयोजित संवाददाता सम्मेलन में दी. उन्होंने बताया कि इस वर्ष कांवर यात्रा में 600 लोगों ने अपना पंजीयन कराया है, जिसमें 348 महिलाएं एवं 252 पुरुषों का पंजीयन हुआ है. बाबा बैद्यनाथ सेवा संघ के निशुल्क कांवर यात्रा में जाने वाले अधिकांश शिवभक्त मानगो के ही रहने वाले हैं. इन शिव भक्तों को संघ के द्वारा सभी प्रकार की सुविधा देते हुए 17 जुलाई को 12 कोच बस एवं 10 छोटी गाड़ियों के साथ सुल्तानगंज ले जाया जाएगा. सभी शिव भक्तों के बीच नीले रंग की टोपी और पीले रंग का वस्त्र वितरण किया जाएगा, ताकि वे अपने टोली से बिछड़ ना जाएं. सुल्तानगंज से देवघर के बीच पडने वाले सभी प्रमुख धर्मशाला और टेंट संघ के द्वारा पहले से ही आरक्षित कर लिए गए हैं. सभी जगह भजन, भोजन, जरनेटर से बिजली की आपूर्ति, सोने की व्यवस्था और स्वास्थ्य सेवा निशुल्क उपलब्ध रहेगी. महिलाओं और पुरुषों के वाहन अलग-अलग रहेंगे. निशुल्क कांवर यात्रा में शामिल सभी शिव भक्तों के बीच पंजीयन संख्या के साथ फोटो युक्त पहचान पत्र का वितरण किया गया है ताकि सभी शिव भक्तों की गिनती कर मिलान किया जा सके. उन्होंने बताया कि यात्रा के बेड़े में एक एंबुलेंस भी शामिल रहेगा, जिसमें सभी दवाइयां लेकर डॉक्टर 24 घंटे तैयार रहेंगे. कांवरिया पथ में साइकिल सवार दस सेवक बम लगातार रेडियम लगे कपड़े पहन कर घूमते रहेंगे, ताकि कांवर यात्रा में शामिल शिव भक्त आसानी से विश्राम स्थल तक पहुंच सकें. कांवर यात्रा के मुख्य आयोजक विकास सिंह ने बताया 17 जुलाई को दिन के 12 बजे मानगो के हीरा होटल के समीप से शंख ध्वनि और पूजन के बाद यात्रा की शुरुआत होगी. संवाददाता सम्मेलन में विकास सिंह, सुशीला शर्मा, रीना सिंह, आशा देवी, रेखा सिंह, बसंती शर्मा, सरगुन देवी, लाल मुनी गोराई, बबीता शर्मा, पंचा देवी, आशा गोराई, आलोका गोराई उपस्थित थीं.
Subscribe to Updates
Get the latest creative news from FooBar about art, design and business.
Advertisement
Advertisement
<


