
उदित वाणी, जमशेदपुर : लौहनगरी में मानवता को शर्मसार करने वाला एक मामला सामने आया है, जहाँ एक 25 वर्षीय युवक ने मदद का झांसा देकर 16 साल की मासूम को अपनी हवस का शिकार बनाया. बागबेड़ा थाना क्षेत्र की इस घटना ने शहरवासियों को झकझोर कर रख दिया है. हालांकि, पुलिस की सक्रियता से आरोपी एलेक्स गुप्ता उर्फ रूपेश कुमार को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया गया है.
घटना की शुरुआत 15 मार्च को जुबली पार्क के साकची गेट नंबर-1 से हुई. आरोपी ने स्विफ्ट कार से नाबालिग को घर छोड़ने के बहाने लिफ्ट दी और चतुराई से संपर्क नंबर ले लिया. अगले दिन, 16 मार्च को आरोपी ने पैसे और घूमने का लालच देकर उसे टाटानगर स्टेशन बुलाया.
वहाँ से वह उसे स्कूटी पर बैठाकर साकची ले गया, जहाँ उसने शादी का झांसा देते हुए नाबालिग की मांग में सिंदूर भर दिया. इसके बाद वह उसे डिमना लेक घुमाने ले गया. वापसी के दौरान डिमना रोड स्थित साई कॉम्प्लेक्स के बेसमेंट में ले जाकर उसने नाबालिग के साथ दुष्कर्म किया और बाद में उसे स्टेशन छोड़कर फरार हो गया.
पुलिस की त्वरित कार्रवाई
पीड़िता ने घर लौटकर अपनी माँ को आपबीती सुनाई, जिसके बाद 20 मार्च को बागबेड़ा थाने में पॉक्सो एक्ट के तहत मामला दर्ज कराया गया. एसएसपी के निर्देश पर गठित टीम ने तत्काल छापेमारी की और उसी शाम आरोपी को उसके आवास से धर दबोचा.

