उदित वाणी, बहरागोड़ा: माटीहाना पंचायत के कोकमारा गांव निवासी 30 वर्षीय युवक दीपक पैरा उर्फ नीनी की सड़क दुर्घटना में दर्दनाक मौत हो गई। यह हादसा बहरागोड़ा के कालिया मोड़ स्थित निशी होटल के पास सर्विस सड़क पर हुआ।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, सड़क के किनारे दुकानों के बाहर बाइक और साइकिल खड़े रहने के कारण रास्ता काफी संकरा और भीड़भाड़ वाला हो गया था। इसी दौरान एक तेज रफ्तार ट्रेलर वहां से गुजरते हुए दीपक पैरा को जोरदार टक्कर मारकर मौके से फरार हो गया। टक्कर लगने के बाद दीपक सड़क पर गिरकर गंभीर रूप से घायल हो गए।
घटना के बाद स्थानीय लोगों ने तत्परता दिखाते हुए उन्हें तुरंत सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र, बहरागोड़ा पहुंचाया। वहां प्राथमिक उपचार के बाद उनकी गंभीर स्थिति को देखते हुए चिकित्सकों ने उन्हें उड़ीसा के पीआरएम मेडिकल कॉलेज, बारिपदा रेफर कर दिया, जहां इलाज के दौरान उनकी मौत हो गई।
परिवार का था एकमात्र सहारा
बताया जाता है कि दीपक पैरा वाहन चालक के रूप में कार्य कर अपने परिवार का भरण-पोषण करते थे। उनके परिवार में पत्नी और एक पुत्र है। हादसे की खबर मिलते ही परिवार में कोहराम मच गया और परिजन रो-रोकर बेहाल हो गए।
सुरक्षा व्यवस्था पर उठे सवाल
घटना के बाद स्थानीय लोगों ने सड़क पर अव्यवस्थित पार्किंग और बढ़ती भीड़भाड़ को हादसे का प्रमुख कारण बताया है। लोगों ने प्रशासन से सड़क सुरक्षा व्यवस्था सुदृढ़ करने और अतिक्रमण हटाने की मांग की है।


