
उदित वाणी, जमशेदपुर : बिष्टूपुर थाना क्षेत्र में दिनदहाड़े मारपीट की एक घटना सामने आई है, जिसने इलाके में सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल खड़े कर दिए हैं. राजेंद्र विद्यालय के बाहर अपने छोटे भाई का इंतजार कर रहे सोनारी निवासी जीत कुमार राजपूत पर पांच से छह अज्ञात युवकों ने अचानक हमला कर दिया.
जानकारी के अनुसार, जीत अपने भाई को स्कूल से लेने पहुंचा था और छुट्टी होने का इंतजार कर रहा था. इसी दौरान अचानक कुछ युवक वहां पहुंचे और बिना किसी बातचीत के उस पर हमला कर दिया. हमलावरों ने बेरहमी से मारपीट की, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गया. घटना को अंजाम देने के बाद सभी आरोपी मौके से फरार हो गए.
घायल जीत को तुरंत इलाज के लिए एमजीएम अस्पताल ले जाया गया, जहां उसका उपचार किया गया. जीत ने बताया कि वह सोनारी स्थित कारमेल स्कूल के पास रहता है और हमलावरों को पहचानता तक नहीं है.
फिलहाल, इस हमले के पीछे की वजह स्पष्ट नहीं हो पाई है. पुलिस मामले की जांच में जुटी है और आसपास लगे सीसीटीवी फुटेज खंगालने की तैयारी कर रही है.

