उदित वाणी, जमशेदपुर: शहर के मारवाड़ी समाज की महिलाएं पूरे श्रद्धा और उत्साह के साथ गणगौर पर्व मना रही हैं और कल विसर्जन के साथ इस उत्सव का भरपूर रंग दिखेगा. स्वर्णरेखा नदी के तट पर महिलाएं सामूहिक रूप से गणगौर का विसर्जन करेंगी. ‘गणगौर’ शब्द ‘गण’ (भगवान शिव) और ‘गौर’ (माता पार्वती) से मिलकर बना है, जो उनके पवित्र दांपत्य संबंध का प्रतीक है.
धार्मिक मान्यता है कि माता पार्वती ने भगवान शिव को पति रूप में पाने के लिए कठोर तप किया था, जिसकी स्मृति में यह पर्व मनाया जाता है. यह उत्सव होली के अगले दिन से शुरू होकर चैत्र शुक्ल तृतीया तक चलता है.
इस दौरान विवाहित महिलाएं पति की दीर्घायु और सुख-समृद्धि के लिए व्रत रखती हैं, जबकि अविवाहित युवतियां योग्य वर की कामना करती हैं.पर्व के दौरान घर-घर में इसर-गौरी की प्रतिमाएं स्थापित कर नियमित पूजा की जाती है.
महिलाएं पारंपरिक वेशभूषा में लोकगीत गाती हैं और मेहंदी रचाकर उत्सव की खुशियां साझा करती हैं. अंतिम दिन भव्य शोभायात्रा के साथ प्रतिमाओं का जल में विसर्जन किया जाता है.
स्वर्णरेखा घाट पर सामूहिक विसर्जन आज
मारवाड़ी सम्मेलन, साकची शाखा द्वारा 21 मार्च 2026 (शनिवार) को शाम 4 बजे साकची स्थित स्वर्णरेखा नदी घाट पर सामूहिक गणगौर विसर्जन का आयोजन किया जाएगा. इस कार्यक्रम में लगभग 2000 से अधिक महिलाओं के शामिल होने की संभावना है.शहर के विभिन्न क्षेत्रों से आने वाली महिलाएं पारंपरिक राजस्थानी परिधानों में सजी-धजी इस आयोजन में भाग लेंगी और सामूहिक रूप से गणगौर का विसर्जन करेंगी.
नृत्य, भक्ति और सम्मान का संगम
सम्मेलन के कोषाध्यक्ष सन्नी संघी के अनुसार, महिलाएं नृत्य-गान और पूजा-अर्चना के साथ हर्षोल्लास में विसर्जन करेंगी. इस अवसर पर बेटियों और बहुओं को उपहार देकर सम्मानित भी किया जाएगा.
आयोजन की तैयारी में जुटी टीम
कार्यक्रम को सफल बनाने में अध्यक्ष बजरंगलाल अग्रवाल,सचिव बबलु अग्रवाल,कोषाध्यक्ष सन्नी संघी,पूर्व अध्यक्ष ओमप्रकाश रिंगसिया,संतोष अग्रवाल,अभिषेक अग्रवाल (गोल्डी), निर्मल पटवारी, कुशल गनेड़ीवाल सहित कई सदस्य सक्रिय रूप से लगे हुए हैं.
राजस्थान शिव मंदिर में भी विशेष आयोजन
जुगसलाई स्थित एम.ई. स्कूल रोड पर राजस्थान शिव मंदिर समिति द्वारा मंदिर के शताब्दी वर्ष (1926-2026) के उपलक्ष्य में भव्य गणगौर महोत्सव का आयोजन किया जा रहा है. आज (21 मार्च) सुबह 6.15 बजे से सामूहिक गणगौर पूजन हुआ. अब दोपहर 3 बजे से पानी पिलाने और गणगौर विदाई कार्यक्रम आयोजित किया जाएगा. महिलाओं के लिए शाम को अल्पाहार की विशेष व्यवस्था भी की गई है.समिति के अध्यक्ष छीत्तरमल धूत, महासचिव अरुण अग्रवाल और कोषाध्यक्ष दीपक अग्रवाल (रामुका) ने अधिक से अधिक श्रद्धालुओं से कार्यक्रम में भाग लेने की अपील की है.
सर्किट हाउस नारायणी धाम में बडी गणगौर उत्सव आज
शहर की धार्मिक संस्था नारायणी सेवा ट्रस्ट जमशेदपुर द्वारा आज – शनिवार 21 मार्च को बिष्टुपुर सर्किट हाउस एरिया भूतनाथ मंदिर परिसर स्थित नारायणी धाम में बड़ी गणगौर उत्सव का आयोजन किया जा रहा हैं.
इसमें सुबह 8 से 11 बजे तक सामूहिक गणगौर पूजन का आयोजन हुआ. अब दोपहर में 3 से संध्या 6 बजे तक गणगौर को पानी पिलाने का कार्यक्रम नृत्य नाटिका एवं लोकगीत के माध्यम से होगा. नारायणी सेवा ट्रस्ट ने समाज से गणगौर उत्सव में शामिल होने का अनुरोध किया हैं. नारायणी धाम मंदिर प्राण प्रतिष्ठा के समय ली गयी या फिर उससे मिलती जुलती चुनरी ड्रेस कोड होगी. यह जानकारी ट्रस्टी कैलाश सरायवाला ने दी. इसे सफल बनाने में राजकुमार चंदूका, राजकुमार संघी, विजय मित्तल, अनिल नरेडी, ललित सरायवाला, नवीन पोद्दार, किशन सोंथालिया, अभिषेक भालोटिया आदि लगे हुए हैं.
(Gangaur 2026 Jamshedpur, Subarnarekha Ghat Visarjan, गणगौर विसर्जन जमशेदपुर, स्वर्णरेखा घाट, Marwari Sammelan Sakchi, Narayani Dham Gangaur, Rajasthan Shiv Mandir Jugsalaiनारायणी धाम गणगौर उत्सव, मारवाड़ी सम्मेलन साकची, राजस्थान शिव मंदिर जुगसलाई, Gangaur Visarjan timing Jamshedpur 2026, Marwari community festivals Jharkhandजमशेदपुर मारवाड़ी समाज गणगौर पूजा, गणगौर विसर्जन का समय)


