उदित वाणी, रांची : राज्य सरकार द्वारा गृह रक्षा वाहिनी होमगार्ड के सुदृढ़ीकरण को लेकर लगभग 70 करोड़ रुपये की योजनायें शुरू की जायेगी. जिसके तहत हजारीबाग में गृह रक्षकों के प्रशिक्षण केंद्र में 450 बेड का महिला बैरक बनेगा और वहां परेड ग्राउंड का भी निर्माण होगा. इसके साथ ही जमशेदपुर समेत पांच जिलों साहिबगंज, लोहरदगा, रामगढ़ व पाकुड़ जिले में जिला समादेष्टा आवास एवं यूएस क्वार्टर का निर्माण किया जायेगा. इसके अलावा जमशेदपुर व लोहरदगा में प्रशासनिक भवन भी बनाया जायेगा.
वहीं विभिन्न गृह रक्षा वाहिनी कार्यालय परिसर में आवासीय, गैर आवासीय भवन, बैरक, मैगजीन भवन, गेस्ट हाउस आदि की मरम्मति का कार्य होगा. राज्य में वर्तमान में गृह रक्षक बुनियादी सुविधाओं की समस्या झेल रहे हैं. खासकर महिला गृह रक्षकों के आवासन व अन्य सुविधाओं का अभाव है. जबकि राज्य सरकार द्वारा अब उन्हें काम भी दिया जा रहा है. राज्य सरकार के संस्थाओं में निजी सुरक्षा एजेंसी के स्थान पर गृह रक्षकों की तैनाती कर उन्हें अवसर दिया जा रहा है, ताकि उन्हें काम मिले और उस अनुरूप उन्हें मानदेय भी मिले. इतना ही नहीं, गृहरक्षकों को यातायात व्यवस्था संभालने के लिए सिपाहियों की कमी के चलते गृह रक्षकों को तैनात किया गया है.


