
उदित वाणी, जमशेदपुर/रुड़की: राष्ट्रीय प्रौद्योगिकी संस्थान (एनआईटी) जमशेदपुर ने शुक्रवार, 20 मार्च 2026 को भारतीय प्रौद्योगिकी संस्थान (आईआईटी) रुड़की के साथ एक महत्वपूर्ण समझौता ज्ञापन (MoU) पर हस्ताक्षर किए. इस समझौते पर एनआईटी जमशेदपुर के निदेशक प्रो. (डॉ.) गौतम सुत्रधार और आईआईटी रुड़की के निदेशक प्रो. कमल किशोर पंत ने हस्ताक्षर किए.
इस अवसर पर एनआईटी जमशेदपुर के डॉ. सूरजित कुंडू तथा आईआईटी रुड़की के डॉ. साई रामुडु मेका भी उपस्थित रहे.
शोध और नवाचार को मिलेगा प्रोत्साहन
यह समझौता दोनों प्रतिष्ठित संस्थानों के बीच शैक्षणिक और शोध सहयोग को मजबूत करने के उद्देश्य से किया गया है. इसके तहत संयुक्त शोध परियोजनाएं, संयुक्त पीएच.डी. मार्गदर्शन, छात्र एवं संकाय विनिमय कार्यक्रम, इंटर्नशिप के अवसर तथा स्टार्टअप इनक्यूबेशन जैसी पहलों को बढ़ावा दिया जाएगा.
छात्रों और संकाय को होगा सीधा लाभ
इस अवसर पर प्रो. गौतम सुत्रधार ने कहा कि इस समझौते को प्रभावी रूप से लागू किया जाएगा, जिससे छात्रों और संकाय सदस्यों को ठोस लाभ मिल सके. उन्होंने अनुसंधान पार्क, नवाचार केंद्रों और इनक्यूबेशन सुविधाओं के बेहतर उपयोग पर विशेष जोर दिया.
उन्होंने यह भी बताया कि एनआईटी जमशेदपुर के कई संकाय सदस्य आईआईटी रुड़की के पूर्व छात्र रह चुके हैं, जिससे दोनों संस्थानों के बीच पहले से ही मजबूत शैक्षणिक संबंध मौजूद हैं.
संस्थानों के प्रमुख केंद्रों का किया दौरा
इस दौरान प्रो. सुत्रधार और डॉ. सूरजित कुंडू ने आईआईटी रुड़की के टिंकरिंग लैब, डिजाइन एवं नवाचार केंद्र, इनक्यूबेशन केंद्र तथा सीएसआईआर–केंद्रीय भवन अनुसंधान संस्थान (CBRI) का दौरा किया. इस दौरान भविष्य में सहयोग की संभावनाओं पर विस्तृत चर्चा की गई.

