
उदित वाणी, जमशेदपुर : आगामी रामनवमी महोत्सव को लेकर शहर में तैयारियां तेज हो गई हैं. इसी कड़ी में शुक्रवार को केंद्रीय रामनवमी अखाड़ा समिति ने जिला प्रशासन के साथ दो महत्वपूर्ण बैठकें संपन्न कीं. इन बैठकों में पर्व को शांतिपूर्ण, भव्य और सुव्यवस्थित ढंग से संपन्न कराने पर विस्तृत चर्चा हुई.
प्रशासन के साथ पहली बैठक: सुरक्षा और बिजली व्यवस्था पर जोर
पहली बैठक पूर्वी सिंहभूम के जिला उपायुक्त कर्ण सत्यार्थी के साथ समिति के अध्यक्ष आशुतोष सिंह के नेतृत्व में संपन्न हुई. बैठक में रामनवमी की तैयारियों की वर्तमान स्थिति से प्रशासन को अवगत कराते हुए समिति ने कई महत्वपूर्ण सुझाव रखे.
* गैर-लाइसेंसी अखाड़ों को लाइसेंस उपलब्ध कराने का आग्रह.
* शोभायात्रा के दौरान मानगो क्षेत्र में बिजली बाधित होने की समस्या को देखते हुए वैकल्पिक विद्युत व्यवस्था सुनिश्चित करने की मांग.
* संवेदनशील स्थानों पर सुरक्षा के लिए सीसीटीवी कैमरे लगाने और खराब स्ट्रीट लाइटों को दुरुस्त कराने पर जोर.
* भालूबासा चौक पर ट्रैफिक व्यवस्था सुदृढ़ करने, फायर ब्रिगेड एवं एंबुलेंस की उपलब्धता सुनिश्चित करने की मांग.
* बागबेड़ा, परसुडीह जैसे ग्रामीण क्षेत्रों में साफ-सफाई, जुलूस मार्ग से बाधाओं को हटाने और मार्ग को सुगम बनाने का अनुरोध.
केंद्रीय रामनवमी अखाड़ा समिति ने प्रशासन द्वारा सहयोग के लिए अपना आभार भी व्यक्त किया.

दूसरी बैठक: घाटों की तैयारियों पर ध्यान
दूसरी बैठक अनुमंडल पदाधिकारी अर्णव मिश्रा के साथ हुई, जिसमें मुख्य रूप से घाटों की तैयारियों पर चर्चा हुई. समिति ने:
* चैती छठ से पूर्व सभी घाटों की साफ-सफाई सुनिश्चित करने.
* पूर्व की भांति आवश्यक सुविधाएं बहाल रखने.
* शोभायात्रा के दिन नदी के जलस्तर को बढ़ाने, जिससे अखाड़ा समितियों को झंडा ठंडा करने के लिए स्वच्छ जल उपलब्ध हो सके.
समिति का आकलन और प्रशासन का आश्वासन
समिति के अध्यक्ष आशुतोष सिंह ने बताया कि दोनों बैठकें अत्यंत सार्थक रहीं और जिला प्रशासन की ओर से ठोस आश्वासन प्राप्त हुआ है. उन्होंने विश्वास जताया कि प्रशासनिक तैयारियां सही दिशा में चल रही हैं और सभी समस्याओं का समय रहते समाधान किया जाएगा.
बैठक में संरक्षक नीरज सिंह, भीष्म सिंह, संयोजक प्रमोद तिवारी, उपाध्यक्ष अशोक सिंह, गौतम प्रसाद, परमात्मा मिश्रा, सचिन, मनीष कुमार, अर्जुन शर्मा, प्रदीप दास, कलिंगा अखाड़ा से विक्की सोना, वीर मंच अखाड़ा से दीपक यादव, इंदरजीत सिंह, विजय वर्धा समेत कई अन्य सदस्य उपस्थित थे.

