
उदित वाणी, जमशेदपुर: साकची में ‘जमशेदपुर हाट–पलाश मार्ट’ का विधिवत शुभारंभ किया गया। इस अवसर पर उपायुक्त कर्ण सत्यार्थी ने फीता काटकर दो मंजिला इस विशेष बाजार का उद्घाटन किया। जिला प्रशासन की पहल पर तैयार किए गए इस हाट का उद्देश्य स्थानीय कारीगरों, स्वयं सहायता समूहों और छोटे उद्यमियों को अपने उत्पादों के प्रदर्शन और बिक्री के लिए एक सशक्त मंच उपलब्ध कराना है।
स्थानीय उत्पादों को मिलेगा बड़ा बाजार
उद्घाटन के दौरान उपायुक्त कर्ण सत्यार्थी ने कहा कि ‘जमशेदपुर हाट–पलाश मार्ट’ के माध्यम से स्थानीय स्तर पर निर्मित पारंपरिक और विशिष्ट उत्पादों को सीधा बाजार मिलेगा। इससे कारीगरों और उद्यमियों को ग्राहकों से सीधे जुड़ने का अवसर मिलेगा, जिससे उनकी आय में वृद्धि होगी और स्थानीय अर्थव्यवस्था को मजबूती मिलेगी।
आत्मनिर्भरता को मिलेगा बढ़ावा
उन्होंने बताया कि जिला प्रशासन ‘जीवेदोक अभियान’ के तहत महिलाओं और उद्यमियों को एक ही स्थान पर अपने उत्पादों के प्रदर्शन और बिक्री का अवसर दे रहा है। यह पहल स्वरोजगार को बढ़ावा देने के साथ-साथ आत्मनिर्भरता की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम है।
महिला समूहों ने साझा की सफलता की कहानी
कार्यक्रम के दौरान गुमला जिले के पालकोट प्रखंड के बघिमा महिला विकास मंडल की महिलाओं ने सखी मंडलों से जुड़कर स्वरोजगार अपनाने और आत्मनिर्भर बनने की अपनी प्रेरणादायक कहानी साझा की।
हाट में उपलब्ध होंगे विविध उत्पाद
जमशेदपुर हाट के भूतल में पलाश मार्ट संचालित किया गया है, जहां महिला स्वयं सहायता समूहों द्वारा तैयार हैंडीक्राफ्ट, पाईटकर पेंटिंग, सेनेट्री उत्पाद, प्रसंस्कृत खाद्य सामग्री, तेल, मधु आदि उपलब्ध होंगे। वहीं ‘सेरांग’ में बोड़ाम के अंधारझोर क्षेत्र में बने पारंपरिक वाद्य यंत्र जैसे तबला, मांदर, ढोलक, नगाड़ा और डमरू की प्रदर्शनी और बिक्री की व्यवस्था की गई है।

दीदी कैफे में मिलेंगे पारंपरिक व्यंजन
हाट के प्रथम तल पर ‘दीदी कैफे’ की शुरुआत की गई है, जहां आगंतुकों को स्थानीय पारंपरिक और पौष्टिक व्यंजनों का स्वाद मिलेगा। यहां स्टीम और स्वास्थ्यवर्धक भोजन को विशेष रूप से बढ़ावा दिया जाएगा।
कार्यक्रम में कई अधिकारी रहे मौजूद
इस अवसर पर उप विकास आयुक्त नागेंद्र पासवान, अनुमंडल पदाधिकारी धालभूम अर्णव मिश्रा, उप नगर आयुक्त जेएनएसी कृष्णा कुमार, जिला परिवहन पदाधिकारी धनंजय और डीपीएम जेएसएलपीएस सुजीत बारी समेत कई अधिकारी उपस्थित रहे।


