
उदित वाणी, जमशेदपुर : चर्चित गैंगस्टर विक्रम शर्मा हत्याकांड में पुलिस ने फरार आरोपियों के खिलाफ अपनी कार्रवाई और तेज कर दी है। मामले में शामिल तीन शूटर समेत कुल 6 आरोपियों पर अब 50-50 हजार रुपये का इनाम घोषित किया गया है। सभी के खिलाफ कोतवाली डालनवाला थाना में नामजद प्राथमिकी दर्ज है।
पुलिस ने इन आरोपियों के फोटो और विस्तृत विवरण के साथ “मोस्ट वांटेड” पोस्टर जारी कर दिए हैं, जिन्हें शहर के प्रमुख चौक-चौराहों और सार्वजनिक स्थानों पर चस्पा किया जा रहा है। घटना को एक महीने से अधिक समय बीत चुका है, लेकिन मुख्य आरोपी अब तक पुलिस की पकड़ से बाहर हैं। पहले इन पर 25-25 हजार रुपये का इनाम रखा गया था, जिसे अब दोगुना कर दिया गया है।
जांच एजेंसियों का मानना है कि इनाम की राशि बढ़ने से आम लोगों में सूचना देने की संभावना बढ़ेगी और आरोपियों तक पहुंचना आसान होगा। इस मामले में पुलिस अब तक दो सहयोगियों—अक्षत ठाकुर और राजकुमार—को गिरफ्तार कर चुकी है, जिन्होंने शूटरों को लॉजिस्टिक और आर्थिक मदद पहुंचाई थी।
फरार आरोपियों में आकाश कुमार प्रसाद उर्फ अरुण कुमार (बागबेड़ा), जितेंद्र कुमार साह उर्फ साहू (मानगो), यशराज (बागबेड़ा), अंकित कुमार वर्मा (टेल्को), आशुतोष सिंह (जुगसलाई) और विशाल सिंह (बागबेड़ा) शामिल हैं।
पुलिस ने आम नागरिकों से अपील की है कि यदि इन आरोपियों के संबंध में कोई भी जानकारी मिले तो तुरंत सिटी कंट्रोल रूम के नंबर 9411112972 पर सूचना दें। सूचना देने वाले की पहचान पूरी तरह गोपनीय रखी जाएगी।
