
उदित वाणी, सरायकेला : सरायकेला जिले के आदित्यपुर नगर निगम के वार्ड संख्या 11 अंतर्गत भाटिया बस्ती में एक कथित बच्चा चोरी का मामला सामने आया है, जिसने पूरे इलाके में दहशत और आक्रोश का माहौल पैदा कर दिया है.
बच्चा बंधक बनाकर रखा गया
जानकारी के अनुसार, आनंद विहार रोड नंबर 9 निवासी एक परिवार के बच्चे को कथित रूप से पड़ोसी रंजीत मंडल के घर में मंगलवार सुबह करीब 5 बजे से बंधक बनाकर रखा गया था. घटना की खबर फैलते ही आसपास के लोगों में शक और डर बढ़ गया.
लोगों ने उठाया मामला, बच्चे को सुरक्षित बरामद किया
स्थानीय लोगों का आरोप है कि आरोपी परिवार ने बच्चे की तलाश का नाटक कर लोगों को गुमराह करने की कोशिश की. पूछताछ के दौरान यह भी कहा गया कि बच्चा बाहर से लाकर दे दिया जाएगा, जिससे लोगों का संदेह और बढ़ गया. बढ़ते आक्रोश के बीच ग्रामीणों ने आरोपी के घर का दरवाजा खुलवाया और बच्चे को सकुशल बरामद किया.
तंत्र-मंत्र या साधना का संदेह
घटना के बाद बस्ती में भारी तनाव की स्थिति बन गई. स्थानीय लोगों ने आशंका जताई है कि बच्चे को तंत्र-मंत्र या किसी कथित साधना के उद्देश्य से छिपाकर रखा गया था. घर के पूजा स्थल में दक्षिण दिशा की ओर स्थापित काली मां की मिट्टी की मूर्ति मिलने से शक और गहरा गया. प्रशासन ने अभी इस संबंध में कोई पुष्टि नहीं की है.
आक्रोशित लोगों ने दिया अल्टीमेटम
घटना के बाद स्थानीय लोग प्रशासन से त्वरित कार्रवाई की मांग कर रहे हैं. आक्रोशित लोगों ने आरोपित परिवार को 24 घंटे के भीतर बस्ती खाली करने का अल्टीमेटम दिया है. वार्ड पार्षद मंजू देवी की मौजूदगी में गुरुवार को बैठक भी हुई, जिसमें लोगों का गुस्सा खुलकर सामने आया.
पिछले मामलों से तुलना
विदित हो कि पिछले छः माह पहले जमशेदपुर के गाढ़ाबासा में इसी तरह का मामला सामने आया था, जहां तंत्र साधना के चक्कर में एक बच्चे की बलि दे दी गई थी. इस घटना को भी इसी एंगल से देखा जा रहा है.

