जमशेदपुर: रामनवमी पर्व के मद्देनज़र मानगो नगर निगम की मेयर सुधा गुप्ता ने पूर्वी सिंहभूम के उपायुक्त को पत्र लिखकर व्यापक और सुनियोजित तैयारियों की मांग की है। उन्होंने स्पष्ट कहा है कि पर्व के दौरान किसी भी तरह की अव्यवस्था न हो, इसके लिए सुरक्षा से लेकर बुनियादी सुविधाओं तक हर स्तर पर ठोस इंतजाम जरूरी है।
मेयर ने अपने पत्र में जुलूस मार्गों पर पर्याप्त पुलिस बल की तैनाती, सीसीटीवी कैमरे और ड्रोन के जरिए निगरानी सुनिश्चित करने पर जोर दिया है, ताकि पूरे आयोजन पर सतत नजर रखी जा सके। इसके साथ ही साफ-सफाई की विशेष व्यवस्था, पेयजल के लिए टैंकर, निर्बाध बिजली आपूर्ति और अस्थायी प्रकाश व्यवस्था उपलब्ध कराने की भी मांग की गई है।
उन्होंने ट्रैफिक व्यवस्था को सुचारू बनाए रखने के लिए डायवर्जन प्लान, पर्याप्त पार्किंग की व्यवस्था, आपात स्थिति से निपटने के लिए एंबुलेंस और फायर ब्रिगेड की तैनाती के साथ कंट्रोल रूम स्थापित करने पर भी बल दिया है। इधर, आयोजित बैठक में विभिन्न अखाड़ा समितियों ने भी अपनी समस्याएं प्रशासन के समक्ष रखीं। पारडीह, जवाहर नगर, दाइगुटू, उलीडीह और एनएच-33 क्षेत्र के अखाड़ों ने पानी, सफाई, बिजली, धूल नियंत्रण और सुरक्षा व्यवस्था को लेकर ठोस कदम उठाने की मांग की।
मेयर सुधा गुप्ता ने प्रशासन से आपसी समन्वय बनाकर सभी जरूरी तैयारियां समय पर पूरी करने की अपील की है, ताकि रामनवमी का पर्व पूरे शहर में सुरक्षित, व्यवस्थित और भव्य तरीके से संपन्न हो सके।


