
उदित वाणी जमशेदपुर : टाटानगर रेलवे स्टेशन को विश्वस्तरीय बनाने की दिशा में रेलवे प्रशासन ने अपनी कार्रवाई तेज कर दी है। इंजीनियरिंग विभाग की टीम ने स्टेशन रोड और ट्रैफिक कॉलोनी इलाके में व्यापक मापी अभियान चलाया। इस दौरान स्टेशन रोड स्थित पेट्रोल पंप संचालक को नोटिस जारी कर सड़क चौड़ीकरण के लिए भूमि अधिग्रहण की सूचना दी गई। साथ ही चक्रधरपुर मंडल मुख्यालय से लीज एग्रीमेंट की स्थिति स्पष्ट करने का सुझाव भी दिया गया।
रेलवे की यह कार्रवाई केवल यहीं तक सीमित नहीं है। इससे पहले यूनियन कार्यालय, बीएसएनएल दफ्तर और टीटीई रेस्ट हाउस को भी हटाने के लिए नोटिस जारी किया जा चुका है। अधिकारियों के अनुसार, अतिक्रमण हटाओ अभियान शुरू होते ही दर्जनों रेलवे क्वार्टरों के साथ-साथ अवैध रूप से बने कच्चे मकान और झोपड़ियों को भी हटाया जाएगा।
सूत्रों के मुताबिक, भविष्य में स्टेशन रोड स्थित पेट्रोल पंप को भी अन्यत्र स्थानांतरित किया जा सकता है। गुदरी बाजार से लेकर प्रदीप मिश्रा चौक तक कई दुकानों पर भी तोड़फोड़ की कार्रवाई की संभावना जताई जा रही है, जिससे क्षेत्र का नक्शा पूरी तरह बदल सकता है।
इधर, कीताडीह रोड स्थित क्रू लॉबी के सामने से खासमहाल और गोलपहाड़ी तक करीब 150 से 200 अवैध कच्चे-पक्के मकानों को हटाने के लिए भी नोटिस जारी कर दिया गया है। इस अभियान को सुचारू रूप से चलाने के लिए रेलवे ने जिला प्रशासन से मजिस्ट्रेट की नियुक्ति की मांग करते हुए पत्र भेजा है।
गौरतलब है कि रेलवे बोर्ड के निर्देश पर करीब 350 करोड़ रुपये की लागत से टाटानगर स्टेशन का आधुनिकीकरण होना है। योजना के तहत स्टेशन गेट के सामने से मौजूदा पार्किंग हटाई जाएगी और पोर्टिको क्षेत्र में नया स्टेशन भवन बनाया जाएगा। वहीं, मुख्य सड़क के दूसरी ओर नई पार्किंग का निर्माण कार्य शुरू हो चुका है।

