
उदित वाणी, जमशेदपुर : जुगसलाई नगर परिषद में उपाध्यक्ष पद के लिए चुनाव प्रक्रिया सोमवार को पूरी कर ली गई है. सुबह जमशेदपुर प्रखंड कार्यालय परिसर में शुरू हुई प्रक्रिया के तहत मतदान भी संपन्न हो चुका है और फिलहाल मतों की गिनती जारी है. परिणाम की घोषणा जल्द होने की संभावना है.
इससे पहले जुगसलाई नगर परिषद की नवनिर्वाचित अध्यक्ष के साथ सभी 22 वार्ड सदस्यों ने औपचारिक रूप से शपथ ग्रहण किया. इसके बाद उपाध्यक्ष पद के लिए चुनाव की प्रक्रिया शुरू की गई.
उपाध्यक्ष पद के लिए कुल चार वार्ड सदस्य चुनाव मैदान में हैं. मुस्लिम बहुल क्षेत्र से इरशाद हैदर और राहत हुसैन उम्मीदवार हैं, जबकि हिंदू बहुल क्षेत्र से अर्चना दुबे तथा सुरेश शर्मा उर्फ लीपू शर्मा अपनी दावेदारी पेश कर रहे हैं.
चुनाव आयोग के दिशा-निर्देशों के तहत सुबह करीब 10 बजे से नामांकन, स्क्रूटनी और नाम वापसी की प्रक्रिया पूरी की गई. पूरी चुनाव प्रक्रिया एसआरओ राहुल जी आनंद और प्रखंड विकास पदाधिकारी की निगरानी में संपन्न हुई.
मतदान की पारदर्शिता बनाए रखने के लिए सभी वार्ड सदस्यों को मतदान कक्ष में ही बैठने की व्यवस्था की गई थी. मतदान की पूरी प्रक्रिया समाप्त होने तक किसी भी सदस्य को बाहरी लोगों से मिलने की अनुमति नहीं दी गई. यहां तक कि शौचालय जाने के दौरान भी उन्हें सुरक्षा घेरे में ले जाया गया.
प्रखंड कार्यालय परिसर में लगे सीसीटीवी कैमरों से पूरे मतदान की निगरानी की गई ताकि अंतिम समय में किसी प्रकार की हॉर्स ट्रेडिंग या अनुचित गतिविधि की आशंका को रोका जा सके.
फिलहाल मतगणना जारी है और कुछ ही देर में जुगसलाई नगर परिषद के नए उपाध्यक्ष के नाम की आधिकारिक घोषणा की जाएगी.

