उदित वाणी, जमशेदपुर : बिष्टुपुर थाना क्षेत्र स्थित बिष्टुपुर बाजार में सोमवार को अचानक आग लगने की घटना से कुछ देर के लिए अफरा-तफरी मच गई। बाजार की भीड़भाड़ के बीच स्थित भारत साइकिल कंपनी नामक दुकान में अचानक धुआं उठने लगा और देखते ही देखते आग ने दुकान के अंदर रखे सामान को अपनी चपेट में लेना शुरू कर दिया।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार शुरुआती जांच में आग लगने की वजह शॉर्ट सर्किट बताई जा रही है। बिजली के तारों में चिंगारी उठने के बाद आग तेजी से फैल गई, जिससे दुकान के अंदर धुआं भर गया। घटना के समय बाजार में काफी लोग मौजूद थे, इसलिए आसपास के दुकानदार और राहगीर घबरा गए और कुछ समय के लिए बाजार में अफरा-तफरी का माहौल बन गया।
घटना की सूचना तुरंत टाटा स्टील फायर ब्रिगेड को दी गई। सूचना मिलते ही टाटा स्टील की तीन दमकल गाड़ियां मौके पर पहुंचीं। दमकल कर्मियों ने तत्काल मोर्चा संभालते हुए आग बुझाने का काम शुरू किया। कड़ी मशक्कत के बाद आग पर पूरी तरह काबू पा लिया गया।
दमकल विभाग की त्वरित कार्रवाई के कारण आग आसपास की दुकानों तक फैलने से पहले ही नियंत्रित कर ली गई, जिससे एक बड़ा हादसा होने से टल गया। यदि आग फैलती तो बाजार की कई दुकानों को नुकसान पहुंच सकता था।
हालांकि आग की वजह से दुकान के अंदर रखे साइकिल, पार्ट्स और अन्य सामान को नुकसान पहुंचने की बात सामने आ रही है। फिलहाल नुकसान का आकलन किया जा रहा है।
वहीं प्रशासन और दमकल विभाग की ओर से आग लगने के वास्तविक कारणों की जांच भी की जा रही है। स्थानीय लोगों ने दमकल कर्मियों की तत्परता की सराहना करते हुए कहा कि समय पर कार्रवाई नहीं होती तो बाजार में बड़ा नुकसान हो सकता था।


