
उदित वाणी जमशेदपुर : पूर्वी सिंहभूम जिले के तीन मुख्यमंत्री उत्कृष्ट विद्यालयों में कक्षा 6 से 9 तक नामांकन के लिए रविवार को आयोजित प्रवेश परीक्षा शांतिपूर्ण और कदाचारमुक्त माहौल में संपन्न हुई। इस परीक्षा में कुल 1154 विद्यार्थियों ने भाग लेकर अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन किया।
सबसे अधिक परीक्षार्थी बीपीएम बर्मामाइंस परीक्षा केंद्र में शामिल हुए, जहां कुल 646 विद्यार्थियों ने परीक्षा दी। यहां कक्षा 6 की 40 सीटों के लिए 127, कक्षा 7 की 40 सीटों के लिए 101, कक्षा 8 की 40 सीटों के लिए 143 तथा कक्षा 9 की 120 सीटों के लिए 275 छात्र-छात्राओं ने अपनी किस्मत आजमाई।
साकची गर्ल्स स्कूल परीक्षा केंद्र में भी छात्राओं की अच्छी भागीदारी देखने को मिली। यहां कक्षा 6 की 80 सीटों के लिए 187 छात्राओं ने परीक्षा दी, जबकि कक्षा 7 की 1 सीट के लिए 39, कक्षा 8 की 1 सीट के लिए 53 और कक्षा 9 की 3 सीटों के लिए 72 छात्राएं परीक्षा में शामिल हुईं।
इसी प्रकार कस्तूरबा गांधी बालिका विद्यालय, सुंदरनगर में कक्षा 6 की 25 सीटों के लिए 112 छात्राओं ने परीक्षा दी। वहीं कक्षा 7 की 1 सीट के लिए 21 और कक्षा 8 की 1 सीट के लिए 24 छात्राएं परीक्षा में शामिल हुईं। इस केंद्र में कक्षा 9 के लिए कोई सीट रिक्त नहीं थी। तीनों परीक्षा केंद्रों में कुल 252 विद्यार्थी अनुपस्थित रहे, जिनमें सबसे अधिक 150 विद्यार्थी बीपीएम बर्मामाइंस केंद्र से अनुपस्थित रहे। परीक्षा के दौरान सभी केंद्रों पर व्यवस्था सुचारू रही और पूरे समय अनुशासन का माहौल बना रहा ।परीक्षा समाप्त होने के बाद विद्यार्थियों के चेहरों पर अलग-अलग भाव देखने को मिले। जिन छात्रों ने प्रश्नों के उत्तर आसानी से दिए, उनके चेहरे पर संतोष और मुस्कान झलक रही थी, जबकि कुछ विद्यार्थियों के लिए प्रश्न थोड़े कठिन साबित हुए, जिससे उनके चेहरों पर हल्की मायूसी भी दिखाई दी। गौरतलब है कि मुख्यमंत्री उत्कृष्ट विद्यालयों में नामांकन को लेकर शुरुआत में अभिभावकों की रुचि अपेक्षाकृत कम थी, लेकिन अब स्थिति बदलती दिख रही है। पढ़ाई की बेहतर गुणवत्ता और विद्यालयों के अच्छे प्रदर्शन की जानकारी मिलने के बाद अभिभावकों का भरोसा बढ़ा है। यही कारण है कि अब संपन्न परिवारों के अभिभावक भी अपने बच्चों को इस परीक्षा में शामिल करा रहे हैं। कई स्थानों पर एक सीट के लिए दर्जनों विद्यार्थियों के बीच कड़ी प्रतिस्पर्धा देखने को मिली, जिससे इन विद्यालयों की बढ़ती लोकप्रियता स्पष्ट झलकती है।

