
उदित वाणी, रांची : राष्ट्रीय मानवाधिकार आयोग [एनएचआरसी] ने राज्य सरकार के स्वास्थ्य सचिव और पश्चिम सिंहभूम जिले के उपायुक्त को नोटिस जारी किया. उनसे पश्चिम सिंहभूम जिले के चक्रधरपुर उपमंडल अस्पताल में हुई नवजात शिशु की मृत्यु पर दो सप्ताह के अंदर विस्तृत रिपोर्ट मांगी गई है.
एनएचआरसी ने चक्रधरपुर उपमंडल अस्पताल में सही ढंग से प्रसव पूर्व और प्रसवोत्तर चिकित्सा देखभाल न मिलने के कारण नवजात शिशु की मृत्यु की खबर का स्वतः संज्ञान लिया लेकर नोटिस जारी किया है. बताया गया कि 7 मार्च को अस्पताल द्वारा एम्बुलेंस की सुविधा नहीं दिए जाने पर पिता को शिशु के शव को गत्ते के बक्से में रखकर बंगरासाई गांव ले जाना पड़ा था.
आयोग ने पाया कि यह मानवाधिकारों के गंभीर उल्लंघन का मामला है. पाया कि अस्पताल के कर्मचारियों ने परिवार को मृत शिशु के शव को अस्पताल से बाहर ले जाने के लिए मजबूर किया गया. किसी भी प्रकार की सहायता देने से भी इनकार किया गया.

