
उदित वाणी, चांडिल : हरियाणा के भिवाड़ी स्थित दिल्ली–जयपुर हाईवे पर निर्माणाधीन साइट पर हुए दर्दनाक हादसे में जान गंवाने वाले ईचागढ़ थाना क्षेत्र के दो श्रमिकों का पार्थिव शरीर शुक्रवार को उनके गांव पहुंचते ही पूरे इलाके में शोक की लहर दौड़ गई. बुरुहातु गांव निवासी शिव शंकर सिंह मुंडा (30) और हुंडी गांव निवासी परमेश्वर महतो (52) की हादसे में मौत हो गई थी. शव गांव पहुंचते ही परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल हो गया और गांव का माहौल गमगीन हो उठा.
इस दौरान वरिष्ठ भाजपा नेता पप्पू वर्मा ने बुरुहातु और हुंडी पहुंचकर दिवंगत श्रमिकों को श्रद्धांजलि अर्पित की तथा शोक संतप्त परिवारों को ढांढस बंधाया. मौके पर युधिष्ठिर महतो, मोतीलाल कुंभकार, प्रताप सिंहदेव और सुरेश साव भी मौजूद रहे. बताया गया कि केंद्रीय रक्षा राज्य मंत्री सह रांची सांसद संजय सेठ और जमशेदपुर सांसद विद्युत वरन महतो के प्रयास से मृतकों के परिजनों को 39–39 लाख रुपये मुआवजा और परिवार के एक सदस्य को नौकरी देने पर सहमति बनी है. फिलहाल दोनों परिवारों को 20–20 लाख रुपये की अग्रिम सहायता दी जा चुकी है.

