
उदित वाणी जमशेदपुर : जमशेदपुर के गोविंदपुर स्थित सामुदायिक विकास मैदान में श्री श्री बासंती दुर्गा पूजा समिति द्वारा आयोजित होने वाली बासंती दुर्गा पूजा की तैयारियां तेज हो गई हैं. समिति की ओर से विधि-विधान के साथ भूमि पूजन और झंडा पूजन संपन्न कराया गया, जिसके साथ ही पंडाल निर्माण का कार्य युद्ध स्तर पर शुरू कर दिया गया है. समिति ने घोषणा की है कि इस वर्ष पूजा का विधिवत और भव्य उद्घाटन 22 मार्च को किया जाएगा.
रजत जयंती वर्ष में विशेष होगी माँ की प्रतिमा
इस वर्ष समिति के लिए आयोजन विशेष महत्व रखता है, क्योंकि श्री श्री बासंती दुर्गा पूजा समिति अपनी स्थापना का 25वाँ वर्ष मना रही है. रजत जयंती वर्ष को यादगार बनाने के लिए विशेष तैयारियां की जा रही हैं. समिति के अध्यक्ष जितेंद्र कुमार ने बताया कि इस अवसर पर माँ दुर्गा की प्रतिमा को विशेष रूप से भव्य और दिव्य स्वरूप दिया जा रहा है, जो श्रद्धालुओं के लिए आकर्षण का केंद्र बनेगी.
भूमि पूजन में शामिल हुए गणमान्य लोग
भूमि पूजन के अवसर पर क्षेत्र के कई गणमान्य लोग उपस्थित रहे. इनमें जिला परिषद सदस्य परितोष सिंह, थाना प्रभारी पवन कुमार, रामनवमी सिंह, श्याम किशोर सिंह, अशोक सिंह तथा संरक्षक इंद्रजीत सिंह प्रमुख रूप से शामिल थे. सभी अतिथियों ने समिति के प्रयासों की सराहना की और पूजा के सफल आयोजन के लिए अपनी शुभकामनाएं दीं.
समिति के सदस्य जुटे तैयारियों में
पूजा को सफल बनाने के लिए समिति के सदस्य एकजुट होकर तैयारियों में जुटे हुए हैं. महासचिव मिगेंद्र मिश्रा, कोषाध्यक्ष चंद्रकांत मुनि के साथ प्रीतम, धीरेन्द्र मिश्रा, विवेक विशाल, सिंटू झा, अखिलेश सिंह, रिशु कुमार, नीरज, गणेश, चन्द्रभान, राहुल, अक्षत, पीयुष, साहिल, गुड्डा, रोनि, राजेश और अमन सहित अन्य सदस्य सक्रिय भूमिका निभा रहे हैं.

