उदित वाणीआदित्यपुर: मध्य पूर्व में युद्ध के कारण बने जटिल हालात के बीच आदित्यपुर क्षेत्र में रसोई गैस को लेकर उपभोक्ताओं में चिंता बढ़ गई है। इसका असर स्थानीय गैस एजेंसियों के कार्यालय और गोदामों पर भी देखने को मिल रहा है, जहां घरेलू उपभोक्ता लंबी कतारों में खड़े नजर आ रहे हैं। कई जगहों पर उपभोक्ताओं को गैस सिलेंडर लेने के लिए घंटों इंतजार करना पड़ रहा है।
हालांकि गैस एजेंसी संचालकों का कहना है कि मांग के अनुरूप रसोई गैस उपलब्ध है और किसी तरह की कमी नहीं है। उनके अनुसार एजेंसियों में पर्याप्त मात्रा में गैस का स्टॉक मौजूद है और आपूर्ति सामान्य रूप से जारी है।
बुकिंग में देरी से बढ़ी परेशानी
उपभोक्ताओं के अनुसार रसोई गैस की बुकिंग प्रक्रिया पहले की तुलना में जटिल हो गई है। पहले जहां एक-दो प्रयास में ही गैस की बुकिंग हो जाती थी, वहीं अब कई दिनों तक लगातार प्रयास करने के बाद भी बुकिंग करना मुश्किल हो रहा है।
उपभोक्ताओं का कहना है कि बुकिंग में हो रही देरी के कारण ही गैस की आपूर्ति मिलने में परेशानी हो रही है। वहीं कॉमर्शियल गैस सिलेंडर की आपूर्ति में भी कुछ विलंब की स्थिति बनी हुई है।
बुकिंग कराने वाले उपभोक्ताओं को घर तक मिल रही गैस
गैस एजेंसियों के अनुसार जिन उपभोक्ताओं ने पहले से बुकिंग करा रखी है, उन्हें सिलेंडर की आपूर्ति घर तक की जा रही है। यदि किसी उपभोक्ता को अत्यधिक आवश्यकता हो तो बुकिंग के बाद एजेंसी के गोदाम से भी गैस सिलेंडर उपलब्ध कराया जा रहा है।
गौरतलब है कि आदित्यपुर क्षेत्र में अलग-अलग स्थानों पर इंडेन और एचपी की गैस एजेंसियां संचालित हैं, जहां से उपभोक्ताओं को घरेलू रसोई गैस की आपूर्ति की जाती है।
छह अंकों का कोड दिखाना अनिवार्य
इस संबंध में केसरी गैस एजेंसी के प्रोपराइटर अश्विनी कुमार केसरी ने बताया कि फिलहाल केवल उन्हीं घरेलू उपभोक्ताओं को गैस सिलेंडर दिया जा रहा है, जिन्होंने पहले से बुकिंग करा ली है। सिलेंडर प्राप्त करने के लिए उपभोक्ताओं को छह अंकों वाला कोड दिखाना भी अनिवार्य किया गया है।
उन्होंने आम उपभोक्ताओं से अपील की कि वे किसी भी प्रकार की अफवाहों पर ध्यान न दें, क्योंकि फिलहाल रसोई गैस की आपूर्ति में किसी तरह का संकट नहीं है।


