उदित वाणी जमशेदपुर: विभिन्न पंचायत क्षेत्रों में जन्म प्रमाण पत्र बनवाने में आ रही समस्याओं को लेकर बागबेड़ा कॉलोनी पंचायत के उपमुखिया संतोष ठाकुर, भाजपा नेता सूरज ओझा और छात्र नेता वीरेंद्र कुमार ने ग्रामीणों के साथ प्रखंड विकास पदाधिकारी से मुलाकात कर मांगपत्र सौंपा।
मांगपत्र सौंपते हुए प्रतिनिधियों ने बीडीओ को बताया कि पिछले छह माह से अधिक समय से लोग जन्म प्रमाण पत्र बनवाने के लिए मुखिया, पंचायत सचिव और आंगनबाड़ी सेविका के चक्कर लगा रहे हैं। अधिकारियों द्वारा नए नियम का हवाला देते हुए टीकाकरण से संबंधित कागजात मांगे जा रहे हैं।
पुराने मामलों में दस्तावेज देने में हो रही परेशानी
ग्रामीणों ने कहा कि जिन बच्चों का जन्म 10–15 वर्ष पहले हुआ है, उनके लिए टीकाकरण से संबंधित कागजात उपलब्ध कराना संभव नहीं है। हालांकि अभिभावकों के पास बच्चे और माता-पिता का आधार कार्ड, विद्यालय द्वारा जारी बोनाफाइड सहित अन्य आवश्यक दस्तावेज मौजूद हैं, फिर भी जन्म प्रमाण पत्र की प्रक्रिया आगे नहीं बढ़ पा रही है।
आंगनबाड़ी केंद्र नहीं होने की भी उठी समस्या
इस दौरान बागबेड़ा कॉलोनी पंचायत के उपमुखिया संतोष ठाकुर ने बताया कि उनके पंचायत क्षेत्र में एक भी आंगनबाड़ी केंद्र नहीं है। वहीं पंचायत सचिव पर जनहित के कार्यों में उदासीनता बरतने का आरोप भी लगाया गया। उन्होंने कहा कि पहले भी पंचायत सचिव द्वारा पुराने रिकॉर्ड उपलब्ध नहीं होने का हवाला देकर पुराने जन्म प्रमाण पत्र को ऑनलाइन मोड में परिवर्तित करने में टालमटोल की शिकायतें सामने आती रही हैं।
बीडीओ ने दिए आवश्यक निर्देश
मामले को सुनने के बाद प्रखंड विकास पदाधिकारी ने समस्या को वास्तविक मानते हुए संबंधित पंचायत सचिव को निर्देश दिया कि विद्यालय द्वारा जारी बोनाफाइड को मूल प्रमाण मानते हुए जन्म प्रमाण पत्र बनाने की प्रक्रिया को आगे बढ़ाया जाए, ताकि लोगों को राहत मिल सके।


