
उदित वाणी जमशेदपुर : बर्मामाइंस थाना क्षेत्र के ईस्ट प्लांट बस्ती स्थित कंचन नगर छठ घाट के पास रविवार दोपहर दो गुटों के बीच हुई हिंसक झड़प से इलाके में अफरा-तफरी मच गई। इस घटना में गोलू नामक युवक और उसकी मां घायल हो गए। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और त्वरित कार्रवाई करते हुए दोनों पक्षों के छह युवकों को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी है।
घायल युवक गोलू ने बताया कि उसका छोटा भाई विशाल भागते हुए घर पहुंचा और कहा कि छठ घाट के पास अड्डाबाजी कर रहे कुछ युवकों ने उसे मारने के लिए दौड़ा लिया है। भाई की बात सुनकर जब वह बीच-बचाव के लिए बाहर निकला, तो करीब 10-12 युवकों ने उस पर हमला कर दिया। घायल पक्ष का आरोप है कि हमलावर नशे में थे और उनके हाथों में तलवार, बीयर की बोतल और चापड़ जैसे हथियार थे।
गोलू ने सन्नी और रूपम नामक युवकों पर हमला करवाने और जान से मारने की धमकी देने का आरोप लगाया है। वहीं मामले की जांच कर रहे बर्मामाइंस थाना प्रभारी निरंजन कुमार ने बताया कि मारपीट की घटना जरूर हुई है, लेकिन चापड़ से हमला किए जाने की पुष्टि नहीं हुई है। घायलों के शरीर पर किसी धारदार हथियार से चोट के निशान नहीं पाए गए हैं।
पुलिस जांच में यह भी सामने आया है कि विशाल और आरोपी सन्नी पहले दोस्त थे, लेकिन किसी पुराने विवाद को लेकर दोनों के बीच तनाव चल रहा था, जो रविवार को हिंसक झड़प में बदल गया। फिलहाल दोनों पक्ष थाने में आधिकारिक शिकायत दर्ज कराने से बच रहे हैं, लेकिन शांति व्यवस्था बनाए रखने के लिए पुलिस ने छह संदिग्धों को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी है।

