
उदित वाणी, जमशेदपुर : जमशेदपुर स्थित डीबीएमएस कॉलेज ऑफ एजुकेशन में शनिवार को अंतरराष्ट्रीय महिला दिवस धूमधाम से मनाया गया. इस वर्ष कार्यक्रम की थीम “अष्टभुजायनी” रखी गई थी. इस अवसर पर कला, साहित्य, शिक्षा, चिकित्सा, खेल और समाज सेवा से जुड़ी कई सम्मानित महिलाओं को उनके उत्कृष्ट योगदान के लिए सम्मानित किया गया.
कार्यक्रम की मुख्य अतिथि पूर्बी घोष एवं अन्य विशिष्ट महिलाओं ने दीप प्रज्वलित कर कार्यक्रम का शुभारंभ किया. कार्यक्रम के दौरान वक्ताओं ने कहा कि जैसे देवी की आठ भुजाएँ शक्ति, करुणा, ज्ञान और संरक्षण का प्रतीक हैं, उसी प्रकार आज की सशक्त महिलाएँ भी जीवन के विभिन्न क्षेत्रों में अपनी बहुआयामी जिम्मेदारियों का सफलतापूर्वक निर्वहन कर रही हैं.

वक्ताओं ने कहा कि आधुनिक समय में महिलाएँ केवल घर-परिवार तक सीमित नहीं हैं, बल्कि वे इंजीनियर, डॉक्टर, कॉर्पोरेट अधिकारी, उत्कृष्ट खिलाड़ी, समाजसेविका, राजनीतिज्ञ, गायिका और साहित्यकार के रूप में समाज को नई दिशा दे रही हैं.
इस अवसर पर समाज सेविका रत्ना भट्टाचार्या, संस्कृति कर्मी कृष्णा सिन्हा, चिकित्सक डॉ. आशा गुप्ता, आध्यात्मिक गुरु अंजू बहन, शिक्षिका सोमा बनर्जी, जिला पार्षद कविता परमार, कलाकार मीरा दत्ता, गोल्फ चैंपियन अल्का गर्ग, उद्यमी पुष्पा तिर्की, रेल इंजन चालक पूजा कुमारी, ईको वॉरियर गरिमा रोहिला, यूथ आइकॉन तनुश्री दत्ता तथा “चॉकलेट नानी” के नाम से प्रसिद्ध रीता अग्रवाल को सम्मानित किया गया.
कार्यक्रम में डीबीएमएस ट्रस्ट की संरक्षिका भानुमती नीलकंठन एवं सह-अध्यक्ष ललिता चंद्रशेखर के शिक्षा क्षेत्र में योगदान की भी सराहना की गई. बताया गया कि दक्षिण भारतीय महिला समाज की स्थापना कर उन्होंने शिक्षा के क्षेत्र में महत्वपूर्ण योगदान दिया है.
कार्यक्रम का संचालन अंजली और जसनीत ने किया. इस अवसर पर कॉलेज के अध्यक्ष डॉ. बी. चंद्रशेखर, ट्रस्ट की सह-अध्यक्षा ललिता चंद्रशेखर, सचिव श्रीप्रिया धर्मराजन, प्रशासनिक सचिव सतीश सिंह, सह-सचिव सुधा दिलीप, प्राचार्या डॉ. जूही समर्पिता, उप-प्राचार्या डॉ. मोनिका उप्पल सहित सभी शिक्षक और कर्मचारी उपस्थित थे.
कार्यक्रम का आयोजन डॉ. सूरीना भुल्लर सिंह के नेतृत्व में किया गया, जबकि धन्यवाद ज्ञापन अर्तिका ज्योति ने किया. इस मौके पर कॉलेज के सपोर्ट स्टाफ सुजाता चांद, जुली दीप, सुनीता, बंदना, मालती और प्रिया को सेतु डीबीएमएस कॉलेज एलुमनाई संघ की ओर से सम्मानित किया गया.

