
उदित वाणी, जमशेदपुर : जमशेदपुर एफसी के गोलकीपर अल्बिनो गोम्स ने इंटर काशी के खिलाफ मिली जीत में घरेलू दर्शकों को ’12वें खिलाड़ी’ का श्रेय देते हुए कहा कि फैंस ने टीम को अतिरिक्त ऊर्जा और प्रेरणा दी. जेआरडी टाटा स्पोर्ट्स कॉम्प्लेक्स (द फर्नेस) में खेले गए इंडियन सुपर लीग (आईएसएल 2025-26) के इस मुकाबले में जमशेदपुर एफसी ने 10 खिलाड़ियों के साथ खेलते हुए इंटर काशी को 1-0 से हराया.
मैच की शुरुआत में ही रेड कार्ड के कारण टीम 10 खिलाड़ियों पर सिमट गई, लेकिन ‘मेन ऑफ स्टील’ ने जबरदस्त दृढ़ता और अनुशासन दिखाते हुए जीत हासिल की. अल्बिनो गोम्स ने मैच के दौरान कई महत्वपूर्ण बचाव किए और कहा, “हम लगभग 75 मिनट तक 10 खिलाड़ियों के साथ खेले. हमें पता था कि रेड कार्ड के बाद एकाग्रता और स्तर बढ़ाना होगा. पूरी टीम ने आखिरी मिनट तक सब कुछ झोंक दिया.”गोलकीपर और डिफेंसिव लाइन के बीच बेहतरीन संवाद ने टीम को दबाव में संभालकर रखा.
अल्बिनो ने कहा, “हम सब अच्छे से कम्युनिकेशन कर रहे थे, जिससे पूरे मैच में फोकस बना रहा.” मैच के अंतिम चरण में इंटर काशी के एक हेडर ने क्रॉसबार पर लगकर बाहर गए, जिससे जमशेदपुर को बड़ा खतरा टला. अल्बिनो ने कहा, “यह एक शानदार क्रॉस और हेडर था. उस पल हम सब सन्न रह गए. ईश्वर का शुक्र है कि गोल नहीं हुआ.”
लगातार चौथी जीत
यह जीत जमशेदपुर एफसी की सीजन की चौथी लगातार जीत थी, जिससे टीम का शानदार प्रदर्शन जारी है. अल्बिनो ने कहा, “यह हमारे लिए शानदार शुरुआत रही है. हमें इसी फॉर्म को अगले मैचों में भी जारी रखना होगा और और मजबूत बनना होगा.” उन्होंने फैंस की खास तारीफ की और कहा, “द फर्नेस हमारे लिए खास जगह है. घरेलू दर्शक हमेशा हमें अतिरिक्त जोश देते हैं, जो मुश्किल मैचों में हमें प्रेरित रखता है. फैंस ने सच में 12वें खिलाड़ी की भूमिका निभाई.” स्टेफन एजे के दूसरे हाफ में किए गए गोल ने जीत दिलाई, जबकि अल्बिनो के बचावों ने टीम को संभाला. यह जीत टीम को लीग में मजबूत स्थिति में रखती है.

