
उदित वाणी, जमशेदपुर : कदमा थाना क्षेत्र में हुई चोरी की घटना का पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए खुलासा कर दिया है. इस मामले में कदमा थाना चोरी के तहत प्राथमिकी दर्ज की गई थी. पीड़ित लालु कुमार विवेकानंद रोड भाटिया बस्ती के निवासी ने अपने घर के आंगन में रखे सामान की चोरी होने की शिकायत दर्ज कराई थी.
मामले को गंभीरता से लेते हुए वरीय पुलिस अधिकारियों के निर्देश पर कदमा थाना प्रभारी प्रवेश चन्द्र सिन्हा के नेतृत्व में एक छापामारी दल का गठन किया गया. पुलिस टीम ने त्वरित कार्रवाई करते हुए विवेकानंद रोड भाटिया बस्ती में छापेमारी की. इस दौरान प्राथमिकी अभियुक्त यीशु मुखी उर्फ इशु मुखी उर्फ डेफनेट मुखी की निशानदेही पर चोरी किए गए सामान को बरामद किया गया. पुलिस ने दो एक्साइड पावर सफ कंपनी की बैटरियां अप्राथमिकी अभियुक्त अजय रजक के घर से तथा एक बैट्री संजय इलेक्ट्रॉनिक्स की दुकान से बरामद की.
इसके बाद पुलिस ने इस कांड में शामिल अजय रजक और अमन साहु को गिरफ्तार कर लिया. दोनों आरोपी शास्त्री नगर ब्लॉक नंबर 03, जोगर्स पार्क के पास के रहने वाले हैं. पुलिस ने गिरफ्तार तीनों आरोपियों को जेल में भेज दिया है.
पुलिस के अनुसार, अजय रजक और अमन साहु ने 5 मार्च को शास्त्री नगर ब्लॉक नंबर 03 निवासी सुभाष बोस के साथ मारपीट की घटना को भी अंजाम दिया था. फिलहाल पुलिस मामले की आगे की जांच कर रही है.

