
ये बागी जीते :
पाकुड़ नगर परिषद – अध्यक्ष पद पर निर्वाचित सबरी पाल
हजारीबाग – मेयर का पद पर निर्वाचित अरविन्द कुमार राणा
धनबाद नगर निगम – मेयर का पद पर निर्वाचित संजीव सिंह
उदित वाणी, रांची: निकाय चुनावों के परिणाम आने के बाद प्रदेश भाजपा बागियों को लेकर अब असमंजस की स्थिति में है और अनुशासनहीनता को लेकर जिन बागी प्रत्याशियों को नोटिस जारी किया गया था.पार्टी की ओर से उन जीते हुए बागी प्रत्याशियों को अब बधाई दी जा रही है.
इनमें पार्टी की ओर से पाकुड़ नगर परिषद के अध्यक्ष पद पर निर्वाचित सबरी पाल, हजारीबाग से मेयर का चुनाव जीतने वाले अरविन्द कुमार राणा व धनबाद नगर निगम का चुनाव जीतने वाले संजीव सिंह शामिल हैं.
बताया गया कि भाजपा द्वारा अब बीच का रास्ता निकाल कर जीतने वालों को पार्टी में बनाए रखा जाएगा.वहीं भाजपा मानगो, देवघर और गिरिडीह जैसे शहरी क्षेत्र में पार्टी समर्थित प्रत्याशियों के हार से सकते में है.बताया गया कि धनबाद, हजारीबाग, देवघर और गिरिडीह नगर निगम को लेकर प्रत्याशियों के गलत चयन से भाजपा को शिकस्त मिली.
देवघर में भाजपा ने रीता चौरसिया को मेयर पद के लिए समर्थन दिया.जबकि भाजपा नेता रहे नागेंद्र बलियासे लंबे समय से चुनाव की तैयारी कर रहे थे और बलियासे को मिले मत ने रीता की लुटिया डुबो दी.जबकि हजारीबाग के सांसद मनीष जायसवाल पार्टी प्रत्याशी के चयन से नाराज होकर महापौर के लिए निर्वाचित प्रत्याशी अरविन्द राणा को समर्थन दिया था.
वहीं ट्रेड यूनियन की राजनीति से संजीव सिंह की पकड़ मजबूत होने की जानकारी भाजपा को भी थी.परंतु उन्हें संभवतः इसलिए पार्टी समर्थित प्रत्याशी नहीं बनाया गया.क्योंकि संजीव की पत्नी रागिनी सिंह झरिया से पार्टी के विधायक हैं.उधर गिरिडीह नगर निगम के भाजपा प्रत्याशी सिर्फ पार्टी के बूते चुनाव लड़ रहे थे.उनकी अपनी कोई साख नहीं थी.गिरिडीह में मेयर प्रत्याशी को लेकर भाजपा कार्यकर्ताओं में भी आक्रोश था.

