
उदित वाणी,जमशेदपुर: उलीडीह थाना क्षेत्र के एनएच-33 पर रविवार तड़के एक दिल दहला देने वाला हादसा सामने आया। सुबह करीब चार बजे तेज रफ्तार कार ने आगे चल रहे भारत पेट्रोलियम के टैंकर को पीछे से जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि कार टैंकर के पिछले हिस्से में बुरी तरह फंस गई और पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई।
चौंकाने वाली बात यह रही कि टैंकर चालक को टक्कर का अहसास तक नहीं हुआ। वह कार को करीब दो किलोमीटर तक घसीटता हुआ ले गया। जब टैंकर डिमना चौक के पास पहुंचा, तब स्थानीय लोगों ने उसे पीछे कार फंसे होने की जानकारी दी। इसके बाद चालक टैंकर छोड़कर मौके से फरार हो गया।
सूचना मिलते ही उलीडीह ओपी प्रभारी शारिक अली पुलिस बल के साथ घटनास्थल पर पहुंचे। सुबह का समय होने के कारण कोई प्रत्यक्षदर्शी नहीं मिला। पुलिस ने टैंकर और क्षतिग्रस्त कार को कब्जे में लेकर जांच शुरू कर दी है।
फिलहाल यह स्पष्ट नहीं हो सका है कि कार में कितने लोग सवार थे और वे कहां भर्ती हैं। पुलिस सीसीटीवी फुटेज और वाहन नंबर के आधार पर घायलों व फरार चालक की पहचान में जुटी है। स्थानीय लोगों ने सुबह के समय भारी वाहनों की तेज रफ्तार पर चिंता जताई है।

