
उदित वाणी,जमशेदपुर: कदमा थाना क्षेत्र में 14 वर्षीय नाबालिग लड़की को बहला-फुसलाकर भगाने का सनसनीखेज मामला सामने आया है। घटना 25 फरवरी की शाम करीब 6:30 बजे की बताई जा रही है, जबकि चार दिनों बाद परिजनों ने थाने में शिकायत दर्ज कराई। शिकायत मिलते ही पुलिस हरकत में आ गई और जांच शुरू कर दी है।
जानकारी के अनुसार नाबालिग का अपहरण धोबी घाट, न्यू रानी कुदर से किया गया। परिजनों का आरोप है कि रवि यादव नामक युवक ने लड़की को झांसा देकर अपने साथ भगा लिया। घटना के बाद से परिवार के लोग उसकी तलाश में जुटे थे, लेकिन कोई सुराग नहीं मिलने पर पुलिस की शरण ली।
पुलिस जांच में सामने आया है कि आरोपी बिहार के भागलपुर जिले के नवगछिया का रहने वाला है। आशंका है कि वह नाबालिग को लेकर अपने गांव फरार हो गया है। पुलिस मोबाइल लोकेशन के आधार पर आरोपी की तलाश कर रही है और जल्द गिरफ्तारी का दावा कर रही है। मामले में अपहरण और पॉक्सो एक्ट के तहत प्राथमिकी दर्ज की गई है।

