
उदित वाणी कोलकाता: पश्चिम बंगाल के आगामी विधानसभा चुनावों को ध्यान में रखते हुए भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) ने राज्यभर में ‘परिवर्तन यात्रा’ निकालने की घोषणा की है। ‘पाल्टानो दोरकार, चाइ भाजपा सोरकार’ (बदलाव जरूरी है, चाहिए भाजपा सरकार) के नारे के साथ यह यात्रा राज्य के 9 संभागों से एक साथ शुरू होगी और 230 से अधिक विधानसभा क्षेत्रों को कवर करेगी।
भाजपा के अनुसार, यात्रा का उद्देश्य भ्रष्टाचार, अराजकता और बेरोजगारी जैसे मुद्दों को जनता के बीच प्रमुखता से उठाना है। पार्टी का कहना है कि यह अभियान राज्य में राजनीतिक बदलाव का माहौल तैयार करेगा।
सिलीगुड़ी से होगी शुरुआत
परिवर्तन यात्रा की शुरुआत सिलीगुड़ी से की जाएगी, जो कूच बिहार, अलीपुरद्वार, जलपाईगुड़ी, दार्जिलिंग सहित उत्तर बंगाल के विभिन्न क्षेत्रों को कवर करेगी। इसके बाद नवद्वीप, उत्तर और दक्षिण 24 परगना, हावड़ा-हुगली, मेदिनीपुर, पुरुलिया और बर्धमान सहित अन्य जिलों में यात्रा निकाली जाएगी।
एक और दो मार्च को अलग-अलग संभागों में जनसभाएं आयोजित की जाएंगी, जो यात्रा की औपचारिक शुरुआत का संकेत होंगी। मुख्य यात्रा कार्यक्रम 5 मार्च से 10 मार्च तक चलेगा। इस दौरान प्रतिदिन औसतन 100 किलोमीटर की दूरी तय की जाएगी।
5,000 किलोमीटर का लक्ष्य, 1 करोड़ लोगों तक पहुंचने की तैयारी
पार्टी ने लगभग 5,000 किलोमीटर की दूरी तय कर 1 करोड़ से अधिक लोगों तक पहुंचने का लक्ष्य रखा है। प्रत्येक यात्रा में एक मुख्य झांकी, आठ प्रचार झांकियां और एक बड़ी बाइक रैली शामिल होगी।
यात्रा के दौरान प्रतिदिन औसतन 10 स्वागत सभाएं और एक बड़ी जनसभा आयोजित करने की योजना है। कुल मिलाकर 64 बड़ी जनसभाएं और 280 से अधिक छोटी स्वागत सभाएं प्रस्तावित हैं। कार्यक्रम जिला-दर-जिला आगे बढ़ेगा, जिसमें राज्य से लेकर राष्ट्रीय स्तर तक के भाजपा नेता भाग लेंगे।
कानून-व्यवस्था और आर्थिक हालात पर सरकार को घेरा
भाजपा ने आरोप लगाया है कि राज्य की अर्थव्यवस्था 8 लाख करोड़ रुपये से अधिक के कर्ज के बोझ तले दब चुकी है और बड़े पैमाने पर भ्रष्टाचार, जबरदस्ती वसूली तथा सिंडिकेट व्यवस्था के कारण स्थिति बिगड़ रही है।
कानून-व्यवस्था के मुद्दे पर पार्टी ने चुनाव बाद हुई हिंसा, हत्या और विस्थापन की घटनाओं का जिक्र किया है। महिला सुरक्षा को लेकर आर.जी. कर और संदेशखाली जैसी घटनाओं का उल्लेख करते हुए राज्य सरकार पर गंभीर आरोप लगाए गए हैं।
भाजपा का कहना है कि ‘परिवर्तन यात्रा’ के माध्यम से वह राजनीतिक संदेश के साथ-साथ पश्चिम बंगाल की समृद्ध लोक संस्कृति और विरासत की झलक भी प्रस्तुत करेगी, ताकि इस अभियान को जनआंदोलन और उत्सव का स्वरूप दिया जा सके।
— आईएएनएस

