
उदित वाणी, जमशेदपुर : फाल्गुन शुक्ल एकादशी के पावन अवसर पर श्री श्री नीलकंठेश्वर हनुमान मंदिर, काशीडीह से मारवाड़ी समाज द्वारा द्वितीय रंगरंगीली श्री श्याम निशान यात्रा भव्य रूप से निकाली गई. यह शोभायात्रा काशीडीह क्षेत्र भ्रमण कर साकची बाजार स्थित श्री श्री साकची शिव मंदिर पहुंची.
यात्रा में सैकड़ों श्रद्धालु बाबा श्याम के भजनों पर नाचते-झूमते, रंग-गुलाल उड़ाते हुए ‘जय श्री श्याम’ के उद्घोष लगाते आगे बढ़े. पूरे मार्ग पर भक्तिमय, रंगमय वातावरण रहा, जहां श्रद्धालुओं ने निशान अर्पित किए. 301 निशानधारी हाथों में ध्वज लेकर चले, जिनके साथ सैकड़ों भक्त सेवा भाव से शामिल हुए.
इस आयोजन में पूर्वी सिंहभूम जिला मारवाड़ी सम्मेलन के अध्यक्ष मुकेश मित्तल, महासचिव प्रदीप मिश्रा, आकाश शाह, दिलीप गोयल, मनोज चेतानी सहित अनेक गणमान्यजन उपस्थित रहे. काशीडीह मारवाड़ी समाज के अध्यक्ष सुरेश अग्रवाल व पदाधिकारियों के नेतृत्व में कार्यक्रम शांतिपूर्वक संपन्न हुआ. आयोजकों ने सभी सहभागियों का आभार जताया.
