
उदित वाणी, गुवा : गुवा थाना क्षेत्र के हिरजीहाटिंग गांव में शुक्रवार सुबह एक 21 वर्षीय युवती ने घर में फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली. मृतका सोमरा लोहार की पुत्री अंशु लोहार थी, जिसकी मौत से इलाके में शोक की लहर दौड़ गई.
स्थानीय लोगों के अनुसार, अंशु तमिलनाडु में कपड़ा सिलाई का काम करती थी. वहां देवघर का एक युवक मजदूरी करता था. काम के सिलसिले में दोनों के बीच नजदीकियां बढ़ीं और प्रेम संबंध बन गए. दोनों शादी की योजना भी बना रहे थे. कुछ समय पहले अंशु अपने घर गुवा लौटी थी और रोजाना फोन पर उस युवक से बात करती रहती थी.
परिजनों का कहना है कि इसकी भनक अंशु की मां को लग गई थी. उन्होंने काफी समझाया-बुझाया, लेकिन युवती नहीं मानी. शुक्रवार सुबह जब मां नदी पर स्नान करने गईं, तब घर में कोई नहीं था. लौटने पर दरवाजा अंदर से बंद मिला. ग्रामीणों की मदद से दरवाजा तोड़कर देखा तो अंशु फांसी के फंदे पर लटकी हुई थी.
तुरंत उसे सेल अस्पताल गुवा ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने मृत घोषित कर दिया. सूचना मिलते ही गुवा थाना पुलिस मौके पर पहुंची. थाना प्रभारी नीतीश कुमार ने बताया कि शव को पोस्टमार्टम के लिए चाईबासा भेज दिया गया है. पुलिस प्रेम प्रसंग से जुड़े कारणों की गहन जांच कर रही है.

