
उदित वाणी, रांची : नागरिकों की सुविधा को ध्यान में रखते हुए भारतीय विशिष्ट पहचान प्राधिकरण (UIDAI) और Google के बीच आज रांची में एक महत्वपूर्ण समझौता ज्ञापन (MoU) पर हस्ताक्षर किए गए. इस समझौते का उद्देश्य लोगों को आधार सेवाओं तक आसान और त्वरित पहुंच उपलब्ध कराना है.
समझौते के तहत अब नागरिक Google Maps के माध्यम से अपने नजदीकी आधार नामांकन एवं अपडेट केंद्रों की सटीक लोकेशन और जानकारी आसानी से प्राप्त कर सकेंगे. इससे लोगों को आधार केंद्र खोजने में होने वाली परेशानी से राहत मिलेगी और समय की भी बचत होगी.
यह पहल डिजिटल सेवाओं को आम नागरिकों तक सरल तरीके से पहुंचाने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम है. इस व्यवस्था के लागू होने के बाद लोग अपने मोबाइल फोन पर ही आधार केंद्र का पता, दूरी और वहां तक पहुंचने का मार्ग देख सकेंगे.
इस सहयोग से आधार सेवाओं की पहुंच और पारदर्शिता में सुधार होगा तथा नागरिकों को अधिक सुविधाजनक अनुभव प्राप्त होगा.

