
उदित वाणी, गिरिडीह : गिरिडीह नगर निगम चुनाव के दौरान वार्ड 18 के बूथ पर सोमवार को हुई गोलीबारी के मुख्य आरोपी शिवम आजाद को पुलिस ने मंगलवार शाम दुर्गापुर एयरपोर्ट से गिरफ्तार कर लिया. उसके साथ टैक्सी चालक टिंकू विश्वकर्मा को भी आसनसोल से दबोच लिया गया. आरोपी किसी महानगर भागने की तैयारी में था.
सूत्रों के अनुसार, फरार शिवम लोकेशन ट्रेस होने के डर से अंतिम समय टिकट लेने का प्लान बना रहा था. पुलिस ने मामले की जांच के लिए एसआईटी गठित की थी और बंगाल, बिहार व झारखंड में ताबड़तोड़ छापेमारी चलाई. आसनसोल से चालक को ट्रेस कर उसके बयान पर दुर्गापुर एयरपोर्ट पर दबिश दी गई. गोलीकांड में दो लोग घायल हुए, जिनका धनबाद के एसएनएमएमसीएच में इलाज जारी है.
घटना के बाद आक्रोशित लोगों ने चैताडीह रोड व गिरिडीह-पचंबा मार्ग जाम कर दिया था. बूथ से कुछ दूरी पर गोली चलने के बाद शिवम फरार हो गया था. पुलिस ने झिंझरी मोहल्ला से उसके आधा दर्जन सहयोगियों को हिरासत में लेकर सख्ती से पूछताछ शुरू कर दी है. इनसे आरोपी का नेटवर्क, ठिकाने, साजिश व घटनाक्रम की पूरी जानकारी जुटाई जा रही है.
मामले की गंभीरता को देखते हुए दो आईजी व एक डीआईजी गिरिडीह में कैंप कर रहे हैं. गिरफ्तारी से पुलिस को बड़ी सफलता मिली है. आगे की जांच में और खुलासे होने की संभावना है. स्थानीय लोग चुनावी हिंसा पर सवाल उठा रहे हैं.

