
उदित वाणी, पाकुड़ : झारखंड के पाकुड़ जिले में एक दिल दहला देने वाला रेल हादसा हो गया. नगरनबी रेलवे स्टेशन के समीप डाउन लाइन पर वंदे भारत एक्सप्रेस ट्रेन की चपेट में आने से एक पुरुष, एक महिला और एक छोटे बच्चे की मौके पर ही मौत हो गई. हादसे से इलाके में सनसनी फैल गई है.
आरपीएफ के प्रारंभिक बयान के अनुसार, ट्रेन निर्धारित समय पर चल रही थी. तभी तीनों लोग अचानक ट्रैक पर पहुंच गए और तेज रफ्तार ट्रेन की चपेट में आ गए. टक्कर इतनी जोरदार थी कि तीनों की घटनास्थल पर ही दर्दनाक मौत हो गई. मृतकों की पहचान अभी स्पष्ट नहीं हो पाई है, लेकिन स्थानीय लोग उन्हें आसपास के निवासी बता रहे हैं.
हादसे की सूचना मिलते ही आरपीएफ, जीआरपी और स्थानीय पुलिस टीम मौके पर पहुंची. शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है. ट्रेन को कुछ देर के लिए रोका गया, लेकिन अब वह रवाना हो चुकी है. रेल प्रशासन ने जांच के आदेश दिए हैं. संभावना जताई जा रही है कि लापरवाही या अचानक ट्रैक पर उतरने से हादसा हुआ.
इलाके के निवासियों में दुख का माहौल है. प्रशासन ने मृतकों के परिजनों को हर संभव सहायता का आश्वासन दिया है. रेलवे ने यात्रियों से सतर्क रहने की अपील की है.

