
उदित वाणी, सरायकेला : नगर निकाय चुनाव में जिले के मतदाताओं ने लोकतंत्र के प्रति गहरी आस्था और जिम्मेदारी का परिचय दिया. तीनों शहरी निकायों में उत्साहपूर्ण मतदान दर्ज किया गया, जिसमें सबसे अधिक मतदान सरायकेला नगर पंचायत क्षेत्र में हुआ.
सबसे अधिक 74.86 प्रतिशत मतदान के साथ सरायकेला नगर पंचायत ने जिले में बाजी मार ली. सुबह से ही मतदान केंद्रों पर मतदाताओं की लंबी कतारें लगी रहीं, जहां महिलाओं, युवाओं और बुजुर्गों में विशेष उत्साह नजर आया. वहीं, आदित्यपुर नगर निगम में 56.06 प्रतिशत तथा कपाली नगर परिषद में 57.38 प्रतिशत मतदान हुआ.
आदित्यपुर नगर निगम और कपाली नगर परिषद में भी मतदाताओं ने बढ़-चढ़कर हिस्सा लिया, जो स्थानीय विकास, पारदर्शिता और सशक्त नेतृत्व को लेकर जनता की गंभीरता को दर्शाता है. शांतिपूर्ण और सुव्यवस्थित मतदान के बीच प्रशासनिक तैयारी सफल रही. अब सभी की नजरें मतगणना पर टिकी हैं, जो तय करेगी कि आने वाले पांच वर्षों तक शहरों की बागडोर किसके हाथ में होगी.

