
उदित वाणी, जमशेदपुर : शहर के भुइयांडीह इलाके से 15 वर्षीय छात्रा के लापता होने का मामला सामने आया है, जिससे स्थानीय लोगों और परिजनों में चिंता का माहौल है. प्राप्त जानकारी के अनुसार, सपना कुमारी (15 वर्ष) डीएवी पब्लिक स्कूल में कक्षा 7 की छात्रा है और सोनारी की निवासी बताई जा रही है.
परिजनों के मुताबिक, 11 तारीख को सपना कुमारी अपने परिवार के साथ भुइयांडीह में आयोजित एक पार्टी में शामिल होने गई थी. पार्टी के बाद वह संदिग्ध परिस्थितियों में लापता हो गई. 11 तारीख की सुबह लगभग 5 बजे परिजनों को पता चला कि बच्ची उनके साथ नहीं है. इसके बाद परिवार ने आसपास के इलाकों में काफी खोजबीन की, लेकिन उसका कोई सुराग नहीं मिल सका.
घटना के संबंध में परिजनों द्वारा सोनारी थाना और सीतारामडेरा थाना में लिखित शिकायत दर्ज कराई गई है. पुलिस ने मामले को गंभीरता से लेते हुए जांच शुरू कर दी है और आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज भी खंगाली जा रही है.
परिजनों ने आशंका जताई है कि बच्ची का अपहरण किया गया हो सकता है. उन्होंने आम लोगों से अपील की है कि यदि किसी को सपना कुमारी के बारे में कोई जानकारी मिले या वह कहीं दिखाई दे, तो तुरंत नजदीकी थाना या 6206867592 नंबर पर संपर्क करें. पुलिस सभी पहलुओं पर जांच में जुटी हुई है.

