
उदित वाणी, जमशेदपुर : मानगो थाना क्षेत्र के जवाहनगर रोड नंबर 13 में 18 फरवरी की शाम करीब 7 बजे घर में घुसकर मारपीट और रंगदारी मांगने का सनसनीखेज मामला सामने आया है. घटना के वादी मो. ओसामा उर्फ लादेन ने पुलिस को दी शिकायत में आरोप लगाया है कि पड़ोस के कुछ युवक गाली-गलौज करते हुए जबरन घर में दाखिल हुए और खाने-पीने व पार्टी के लिए 2-3 हजार रुपये की मांग की.
वादी के अनुसार, रुपये देने से इनकार करने पर आरोपियों ने उनके साथ मारपीट की और जान से मारने की धमकी दी. शोर-शराबा सुनकर आसपास के लोग जुटे, जिसके बाद आरोपी मौके से फरार हो गए. घटना के बाद पीड़ित पक्ष ने मानगो थाना में लिखित शिकायत दर्ज कराई.
पुलिस ने मामले में पड़ोस के रहने वाले फजल उर्फ राजू, रोड नंबर 9 निवासी बल्ला, बावनगोड़ा के बकार बाबा, एल्फी उर्फ फैजल अख्तर, बाका समेत अन्य 10-15 अज्ञात लोगों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज की है. मानगो थाना पुलिस ने बताया कि शिकायत के आधार पर जांच शुरू कर दी गई है और आरोपियों की पहचान व गिरफ्तारी के प्रयास किए जा रहे हैं.
स्थानीय लोगों का कहना है कि क्षेत्र में असामाजिक तत्वों की गतिविधियां बढ़ी हैं, जिससे भय का माहौल है. पुलिस ने आश्वासन दिया है कि दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी और इलाके में गश्त बढ़ाई जाएगी.

