
उदित वाणी, जमशेदपुर : जमशेदपुर के एमजीएम थाना क्षेत्र में पुलिस ने एनएच-33 स्थित बजरंग पार्किंग के समीप गैरेज पर छापेमारी कर संगठित वाहन चोरी रैकेट का भंडाफोड़ किया. दो संदिग्ध हाईवा जब्त किए गए.
इंजन-चेचिस में छेड़छाड़
प्राथमिक जांच में वाहनों के इंजन व चेचिस नंबरों के साथ छेड़छाड़ सामने आई. एमजीएम थाना प्रभारी सचिन दास के अनुसार, गुड्डन नामक व्यक्ति गैरेज में चोरी की हाईवा का रंग-रूप बदलकर नई पहचान देता था.
फर्जी कागजात की तैयारी
वाहनों का रंग-रोगन कर नया रूप दिया जाता, इंजन व चेचिस नंबर बदलकर फर्जी कागजात तैयार होते, फिर बाजार में बेचने की तैयारी की जाती.
छापे में फरार, वाहन बरामद
गुप्त सूचना पर पुलिस ने त्वरित दबिश दी. पहुंचते ही मौजूद लोग फरार हो गए. तलाशी में दो हाईवा बरामद हुए, जिनमें नंबर बदलने का कार्य जारी था. दस्तावेज जाली पाए गए.
जांच तेज
एमजीएम थाना में प्राथमिकी दर्ज कर फरार आरोपियों की तलाश शुरू की गई. संभावित ठिकानों पर छापेमारी जारी है, नेटवर्क से जुड़े अन्य सदस्यों की पहचान हो रही है.

