
इस योजना के तहत वार्ड को टाटा स्टील टेक्निकल सर्विसेज लिमिटेड (टीएसटीएसएल) में मिलेगी नौकरी
उदित वाणी, जमशेदपुर : टाटा स्टील ने अपने कर्मचारियों के लिए एक नई पहल की शुरुआत की है. कंपनी ने ‘संशोधित जॉब फॉर जॉब’ योजना लांच की है, जो ‘सुनहरे भविष्य की योजना-4.0’ (एसबीकेवाई-4.0) के तहत अलग हुए कर्मचारियों को उनके वार्ड (बेटा/बेटी/दामाद/बहू) के लिए प्रशिक्षण और नौकरी का अवसर प्रदान करेगी. यह योजना 16 फरवरी 2026 से 31 मार्च 2026 तक प्रभावी रहेगी और जमशेदपुर प्लांट (ट्यूब्स डिवीजन सहित) के यूनियनकृत कर्मचारियों के लिए उपलब्ध है. कंपनी के आंतरिक सर्कुलर के अनुसार, यह योजना टाटा स्टील टेक्निकल सर्विसेज लिमिटेड (टीएसटीएसएल) में वार्ड की नियुक्ति पर केंद्रित है, जो टाटा स्टील की पूर्ण स्वामित्व वाली सहायक कंपनी है.
चार श्रेणी
कंपनी के चीफ पीपल ऑफिसर अत्रयी सान्याल ने सर्कुलर में कहा कि यह योजना उन कर्मचारियों के लिए है जो एसबीकेवाई-4.0 के तहत अलग हुए हैं और 40 वर्ष से अधिक लेकिन 59 वर्ष 6 महीने से कम उम्र के हैं, साथ ही कंपनी में कम से कम 10 वर्ष की स्थायी सेवा पूरी की हो. कर्मचारी अपने वार्ड को नामांकित कर सकते हैं, जो 18 से 42 वर्ष की आयु का हो और मैट्रिक या समकक्ष योग्यता रखता हो. योजना में चार श्रेणियां (ए, बी, सी, डी) हैं, जो वार्ड की शैक्षणिक योग्यता पर आधारित हैं.
श्रेणी ए: मैट्रिक पास (अंग्रेजी, विज्ञान, गणित में पास अंक) वाले वार्ड को ट्रेड अप्रेंटिस ट्रेनिंग दी जाएगी.
श्रेणी बी: नेशनल ट्रेड सर्टिफिकेट वाले वार्ड को एक वर्ष की ट्रेनिंग.
श्रेणी सी: ऑल इंडिया ट्रेड टेस्ट पास और एनसीवीटी सर्टिफिकेट वाले वार्ड को एक वर्ष की ट्रेनिंग.
श्रेणी डी: इंजीनियरिंग में 3 वर्षीय डिप्लोमा/डिग्री/पोस्ट ग्रेजुएट वाले वार्ड को जूनियर इंजीनियर ट्रेनी (जेईटी) के रूप में ट्रेनिंग.
ट्रेनिंग के दौरान स्टाइपेंड मिलेगा और सफल समापन पर टीएसटीएसएल में स्थायी नौकरी दी जाएगी, जैसे असिस्टेंट (टेक्निकल)-आई सी या समकक्ष ग्रेड में. यदि वार्ड ट्रेनिंग में फेल होता है या छोड़ता है, तो स्पॉन्सरिंग कर्मचारी को एसबीकेवाई-4.0 के लाभ वापस मिल सकते हैं, बशर्ते वे 60 वर्ष की उम्र पार न कर चुके हों.
मुख्य लाभ:
मासिक पेंशन: स्पॉन्सरिंग कर्मचारी को वार्ड की ट्रेनिंग शुरू होने या 59.5 वर्ष की उम्र (जो पहले हो) से 60 वर्ष तक पेंशन मिलेगी. उदाहरण: 40-50 वर्ष के लिए ओल्ड सीरिज में 40,000 रुपये/माह, न्यू सीरिज में 20,000 रुपये/माह, 55-60 वर्ष के लिए क्रमश: 50,000 और 25,000 रुपये.
मेडिकल सुविधाएं:
एसबीकेवाई-4.0 के अनुसार जारी रहेंगी, लेकिन वार्ड टीएसटीएसएल की पॉलिसी से कवर होगा.
आवास: कर्मचारी कंपनी आवास 6 वर्ष या 60 वर्ष तक (जो पहले हो) रख सकता है.
अन्य नियम: वार्ड को मेडिकल फिटनेस टेस्ट पास करना होगा, कोई गलत आचरण नहीं करना चाहिए, और स्पॉन्सरिंग कर्मचारी की देखभाल का वचन देना होगा.
यह योजना कर्मचारियों के परिवारों को रोजगार के अवसर प्रदान कर कंपनी की सामाजिक जिम्मेदारी को मजबूत करता है. योग्य कर्मचारी Annexure-BI फॉर्मेट में आवेदन कर सकते हैं. अधिक जानकारी के लिए एचआर विभाग से संपर्क करें.

