
उदित वाणी, जमशेदपुर : शहर में आत्महत्या की घटनाएं थमने का नाम नहीं ले रही हैं। शुक्रवार रात शहर के अलग-अलग थाना क्षेत्रों से दो दुखद मामले सामने आए, जिनसे स्थानीय लोगों में चिंता का माहौल है।
पहला मामला टेल्को थाना अंतर्गत टेल्को कॉलोनी रोड नंबर 11 का है। यहां के K2/31 निवासी श्रुति कुमारी (15) ने कथित रूप से दुपट्टे के सहारे फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। श्रुति मूल रूप से समस्तीपुर, बिहार की रहने वाली थी और वर्तमान में नौवीं कक्षा की छात्रा थी। वह अपने मौसी के घर घूमने आई हुई थी। परिजनों के अनुसार, रात में काफी देर तक कमरे से कोई प्रतिक्रिया नहीं मिलने पर दरवाजा खोला गया, जहां श्रुति पंखे से लटकी मिली। आनन-फानन में उसे अस्पताल ले जाया गया, लेकिन डॉक्टरों ने जांच के बाद मृत घोषित कर दिया। शनिवार को पुलिस ने पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिया।
दूसरा मामला बर्मामाइंस थाना क्षेत्र के कंचन नगर का है। यहां सुमन गगरे (28) ने फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। पति विकास राम ने बताया कि काम से लौटने के बाद घरेलू बात को लेकर दोनों में विवाद हुआ था। कुछ देर के लिए घर से बाहर जाने के बाद लौटने पर सुमन पंखे से लटकी मिली। स्थानीय लोगों की मदद से उसे अस्पताल पहुंचाया गया, जहां डॉक्टरों ने मृत घोषित कर दिया।
दोनों मामलों में पुलिस ने यूडी केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। लगातार बढ़ती ऐसी घटनाओं ने समाज और प्रशासन के सामने गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं।

