उदित वाणी, रांची : भाजपा का एक प्रतिनिधिमंडल सुधीर श्रीवास्तव के नेतृत्व में राज्य निर्वाचन आयोग पहुंचा और निकाय चुनाव में अनियमितताओं की शिकायत करते हुए ज्ञापन सौंपा. उन्होंने आरोप लगाया कि रांची नगर निगम वार्ड संख्या 43 के भाग 43/4 (सेक्टर-2, जगरनाथपुर, धुर्वा) के 1205 मतदाताओं को अशोक नगर सामुदायिक भवन में वोट डालने जाना पड़ रहा है, जबकि वहां की दूरी 2 किलोमीटर से अधिक है.
सुधीर श्रीवास्तव ने कहा कि केंद्रीय चुनाव आयोग का स्पष्ट निर्देश है कि मतदाता के घर से बूथ की दूरी 2 किमी से ज्यादा नहीं होनी चाहिए, लेकिन जिला प्रशासन ने इसका उल्लंघन किया है. प्रतिनिधिमंडल ने वार्ड-43 की मतदाता सूची की प्रति भी सौंपी और बताया कि राज्य निर्वाचन आयोग या जिला स्तर पर कोई वेबसाइट या लिंक उपलब्ध नहीं है, जहां मतदाता अपना बूथ खोज सकें. विधानसभा या लोकसभा चुनावों में वोटर हेल्पलाइन से EPIC नंबर डालते ही बूथ का पता चल जाता है, लेकिन यहां ऐसा नहीं है.
भाजपा ने आरोप लगाया कि दो साल की देरी के दौरान सरकार, प्रशासन और समर्थित उम्मीदवारों ने मिलकर बूथों में हेरफेर कर अपने पक्ष में चुनावी फायदा उठाने की कोशिश की है. इसके बाद प्रतिनिधिमंडल जिला निर्वाचन पदाधिकारी सह उपायुक्त के पास भी ज्ञापन और मतदाता सूची सौंपने गया. प्रतिनिधिमंडल में तारिक इमरान और प्रिंस कुमार भी शामिल थे.


