
उदित वाणी, जमशेदपुर : परसुडीह पुलिस ने तड़ीपार किए गए कुख्यात अपराधी सुमित कुमार सिंह उर्फ लंबू को गिरफ्तार कर लिया है. सुमित बारीगोड़ा स्थित कृति मैदान का निवासी बताया जाता है. पुलिस के अनुसार गुप्त सूचना मिली थी कि तड़ीपार आदेश के बावजूद सुमित गोविंदपुर क्षेत्र में घूम रहा है और किसी आपराधिक घटना को अंजाम देने की फिराक में है. सूचना के आधार पर परसुडीह थाना पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए विशेष टीम गठित की.
छापेमारी के दौरान पुलिस ने गोविंदपुर रेलवे फाटक के पास संदिग्ध गतिविधि करते हुए सुमित को धर दबोचा. गिरफ्तारी के समय आरोपी के हाव-भाव संदिग्ध पाए गए, जिसके बाद उसे हिरासत में लेकर थाना लाया गया. पुलिस रिकॉर्ड के मुताबिक सुमित कुमार सिंह के खिलाफ परसुडीह थाना में आर्म्स एक्ट समेत कई संगीन आपराधिक मामले दर्ज हैं. वह लंबे समय से पुलिस की निगरानी सूची में शामिल था.
पुलिस ने बताया कि आरोपी से पूछताछ की जा रही है और उसके नेटवर्क व संभावित आपराधिक योजनाओं की जांच की जा रही है. साथ ही, तड़ीपार आदेश के उल्लंघन के मामले में भी विधिसम्मत कार्रवाई की जाएगी. पुलिस अधिकारियों ने कहा कि शहर में कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए ऐसे तत्वों के खिलाफ अभियान आगे भी जारी रहेगा.

