
उदित वाणी जमशेदपुर : सीतारामडेरा थाना क्षेत्र के भुइयाँडीह स्थित छायानगर में रविवार दोपहर उस समय अफरा-तफरी मच गई, जब नंदन टेंट डेकोरेटर के गोदाम में अचानक भीषण आग लग गई। आग की लपटें और घना धुआं उठता देख आसपास के लोग दहशत में आ गए और तुरंत इसकी सूचना अग्निशमन विभाग को दी गई।
सूचना मिलते ही दमकल विभाग की तीन गाड़ियां मौके पर पहुंचीं और आग बुझाने का काम शुरू किया गया। करीब एक घंटे तक चली कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया जा सका। इस दौरान पुलिस भी मौके पर पहुंची और इलाके को सुरक्षित किया गया, ताकि कोई बड़ा हादसा न हो।
प्रारंभिक जांच में आग लगने का कारण शॉर्ट सर्किट बताया जा रहा है। आग की चपेट में आकर गोदाम में रखे टेंट, सजावट से जुड़े कपड़े, लाइटिंग सामग्री और अन्य कीमती सामान पूरी तरह जलकर खाक हो गए हैं।
इस घटना से व्यवसायी को भारी आर्थिक नुकसान होने की आशंका जताई जा रही है। राहत की बात यह रही कि घटना के समय गोदाम में कोई मौजूद नहीं था, जिससे किसी के हताहत होने की सूचना नहीं है। फिलहाल प्रशासन नुकसान का आकलन कर रहा है तथा आग लगने के कारणों की जांच है।

