
उदित वाणी, कोडरमा : जयनगर प्रखंड के खरियोडीह पंचायत स्थित गड़ियाई बिरहोर टोला से एक साथ 10 बच्चों के लापता होने का सनसनीखेज मामला सामने आया है. क्षेत्र के मुखिया राजेंद्र यादव ने बताया कि 1 फरवरी की रात टोला के लोग परसाबाद में एक श्राद्ध भोज खाने गए थे. वापस लौटने पर उन्हें अपने बच्चे साथ नजर नहीं आए.
अगले दिन परिजनों ने मुखिया को सूचना दी. मुखिया ने जयनगर थाना प्रभारी उमानाथ सिंह को मामले की जानकारी दी, लेकिन पुलिस ने शुरू में गंभीरता नहीं दिखाई और उल्टे मुखिया को ही खोज का जिम्मा सौंप दिया. मुखिया ने अपने स्तर पर प्रयास किया, लेकिन बच्चों का सुराग न लगने पर जयनगर बीडीओ गौतम कुमार को सूचित किया. इसके बाद मामला जिला वरीय अधिकारियों के संज्ञान में आ गया.
मामले की गंभीरता देखते हुए प्रशिक्षु डीएसपी दिवाकर कुमार, तिलैया थाना प्रभारी विनय कुमार और चंदवारा थाना प्रभारी शशिभूषण कुमार गांव पहुंचे. उन्होंने पीड़ित परिवारों से विस्तृत जानकारी ली और आसपास के इलाकों में बच्चों की तलाश शुरू कर दी.
प्रशिक्षु डीएसपी दिवाकर कुमार ने बताया, “परिजनों से पूछताछ में पता चला कि बच्चे 1 फरवरी को श्राद्ध भोज खाने परसाबाद गए थे और लौटते समय लापता हो गए. टोला के लोग परसाबाद से ट्रेन पकड़कर यदुडीह हॉल्ट उतरते हैं. संदेह है कि बच्चों ने उल्टी दिशा की ट्रेन पकड़ ली होगी और धनबाद की ओर चले गए हों. परसाबाद के दोनों ओर के स्टेशनों के सीसीटीवी फुटेज मंगवाए जा रहे हैं. जल्द ही बच्चों को बरामद कर लिया जाएगा.”
परिजन चिंतित हैं और बच्चों की सुरक्षित वापसी की प्रतीक्षा कर रहे हैं. पुलिस ने तलाश तेज कर दी है.

