
उदित वाणी, जमशेदपुर : ओडिशा के जाजपुर जिले में गुरुवार सुबह एक बड़ा रेल हादसा होते-होते टल गया. चेन्नई सेंट्रल से न्यू जलपाईगुड़ी जा रही 22611 चेन्नई–न्यू जलपाईगुड़ी सुपरफास्ट एक्सप्रेस के तीन डिब्बे जखापुरा रेलवे स्टेशन के समीप पटरी से उतर गए. यह घटना सुबह करीब 8 बजकर 51 मिनट पर हुई, जिससे कुछ देर के लिए रेल प्रशासन में हड़कंप मच गया.
प्राप्त जानकारी के अनुसार, ट्रेन जखापुरा स्टेशन के पास यार्ड एरिया से गुजर रही थी. इस दौरान ट्रेन की गति काफी धीमी थी. तभी अचानक ट्रेन के तीन डिब्बे पटरी से उतर गए. पटरी से उतरे डिब्बों में एक एसी कोच और दो जनरल कोच शामिल बताए जा रहे हैं. ट्रेन की रफ्तार कम होने के कारण बड़ा हादसा टल गया.
घटना की सूचना मिलते ही रेलवे के वरिष्ठ अधिकारी, इंजीनियरिंग विभाग और राहत एवं बचाव दल तुरंत मौके पर पहुंच गए. सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए सबसे पहले यात्रियों को सुरक्षित बाहर निकाला गया. राहत की बात यह रही कि इस दुर्घटना में किसी भी यात्री के घायल होने या जानमाल के नुकसान की कोई सूचना नहीं है. सभी यात्री पूरी तरह सुरक्षित बताए जा रहे हैं.
रेलवे अधिकारियों के अनुसार, एहतियातन पटरी से उतरे डिब्बों को ट्रेन से अलग कर दिया गया है और ट्रैक को जल्द से जल्द बहाल करने का कार्य युद्धस्तर पर किया जा रहा है. दुर्घटना के कारण कुछ समय के लिए इस रूट पर रेल यातायात प्रभावित रहा, हालांकि वैकल्पिक व्यवस्था कर यात्रियों को उनके गंतव्य तक पहुंचाने की कोशिश की गई.
फिलहाल हादसे के कारणों की जांच की जा रही है. प्रारंभिक जांच में तकनीकी खराबी या ट्रैक से संबंधित समस्या को संभावित कारण माना जा रहा है. रेलवे प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि विस्तृत जांच रिपोर्ट आने के बाद ही दुर्घटना की वास्तविक वजह सामने आ सकेगी.

