
उदित वाणी, जमशेदपुर : केरल पब्लिक स्कूल, कदमा में सब जूनियर झारखंड बॉयज़ बास्केटबॉल टीम के राष्ट्रीय स्तर पर शानदार प्रदर्शन को सम्मानित करने के लिए नकद पुरस्कार वितरण समारोह का आयोजन किया गया. यह राष्ट्रीय प्रतियोगिता देहरादून में आयोजित हुई थी, जहां टीम ने सब जूनियर नेशनल बास्केटबॉल चैंपियनशिप में दूसरा स्थान हासिल किया.
कार्यक्रम में मुख्य अतिथि श्री शरत चंद्र, विशिष्ट अतिथि प्रसिद्ध समाजसेवी श्री मुख्तार आलम खान, अकादमिक डायरेक्टर लक्ष्मी आर तथा केरल पब्लिक स्कूल, कदमा की प्रिंसिपल शर्मिला मुखर्जी उपस्थित रहीं. बास्केटबॉल फेडरेशन ऑफ इंडिया (BFI) की ओर से प्रदान की गई दो लाख रुपये की पुरस्कार राशि का वितरण झारखंड टीम को किया गया.
यह समारोह झारखंड बास्केटबॉल एसोसिएशन द्वारा आयोजित किया गया, जिसमें एसोसिएशन के सचिव श्री जे.पी. सिंह, अध्यक्ष श्री हरभजन सिंह, कोषाध्यक्ष श्री प्रदीप मुखर्जी सहित अन्य पदाधिकारी एवं सहयोगी स्टाफ मौजूद रहे.
टीम में ध्रुव मुखर्जी, प्रध्युम्न बैरवा, रिशव राज, रंजन मुर्मू (कप्तान), साहिल कुमार बोदरा, गणेश कर्मकार, रितेश मुर्मू, पिन्नू कुमार, अमन कुमार, हर्ष कुमार, प्रीतम कुमार एवं सौर्यजयन घोष खिलाड़ी शामिल थे. टीम का मार्गदर्शन मुख्य कोच श्री मोहम्मद आरिफ आफताब, सहायक कोच श्री आदर्श कुमार तथा मैनेजर श्री विशाल दास ने किया.
अतिथियों ने अपने संबोधन में खिलाड़ियों और कोचिंग स्टाफ को बधाई दी तथा कहा कि यह सफलता झारखंड में बास्केटबॉल के उज्ज्वल भविष्य का संकेत है. उन्होंने राज्य में खेलों के विकास के लिए निरंतर सहयोग और बेहतर सुविधाओं पर जोर दिया.

