
उदित वाणी, रांची : राजधानी रांची में शनिवार को ट्रैफिक नियमों का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ बड़ी और सख्त कार्रवाई की गई. ट्रैफिक एसपी राकेश सिंह और ग्रामीण एसपी प्रवीण पुष्कर के निर्देश पर पुलिस लाइन परिसर में जब्त किए गए प्रेशर हॉर्न और मॉडिफाइड साइलेंसर को बुलडोजर से नष्ट कर दिया गया. इस दौरान 250 से ज्यादा प्रेशर हॉर्न और करीब 400 साइलेंसर पर एक साथ बुलडोजर चलाया गया.
ट्रैफिक पुलिस ने पिछले एक महीने के दौरान शहर के अलग-अलग इलाकों में बिशेष अभियान चलाकर 700 से ज्यादा बाइक और कार चालकों का चालान काटा था. जांच के दौरान पाया गया कि कई वाहन चालकों ने अपने वाहनों में अवैध रूप से प्रेशर हॉर्न और मॉडिफाइड साइलेंसर लगा रखा है. नियमों के अनुसार ऐसे उपकरणों का इस्तेमाल प्रतिबंधित है. क्योंकि इससे तेज और असहनीय आवाज होती है.
पुलिस ने चालान के साथ-साथ इन उपकरणों को जब्त कर लिया था. जिसे शनिवार को नष्ट किया गया. ट्रैफिक एसपी राकेश सिंह ने बताया कि प्रेशर हॉर्न और मॉडिफाइड साइलेंसर के कारण आम लोगों को काफी परेशानी होती है. खासकर अस्पतालों के आसपास और रात के समय तेज आवाज से मरीजों, बुजुर्गों और बच्चों को दिक्कतों का सामना करना पड़ता है. इसको लेकर लगातार शिकायतें मिल रही थी.
वहीं ग्रामीण एसपी प्रवीण पुष्कर ने कहा कि यह कार्रवाई नियम तोड़ने वालों के लिए एक स्पष्ट संदेश है. उन्होंने बताया कि केवल साइलेंसर और प्रेशर हॉर्न ही नहीं, बल्कि वाहनों में लगी ऐसी तेज और भ्रामक लाइट्स को भी नष्ट किया गया है. जो सड़क पर दुर्घटनाओं का कारण बनती है. भविष्य में भी इस तरह के अभियान जारी रहेंगे और नियमों का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ कठोर कदम उठाए जाएंगे.

