
उदित वाणी, जमशेदपुर : मानगो थाना क्षेत्र अंतर्गत दाईगुट्टू कावेरी रोड स्थित उर्मिला देवी के मकान में शनिवार को शॉर्ट सर्किट के कारण भीषण आग लग गई। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार आग इतनी तेजी से फैली कि कुछ ही मिनटों में पूरे घर को अपनी चपेट में ले लिया। घर में रखा फर्नीचर, कपड़े, बर्तन, अनाज, इलेक्ट्रॉनिक उपकरण सहित अन्य कीमती सामान जलकर पूरी तरह खाक हो गया, जिससे भारी आर्थिक नुकसान हुआ है।
घटना के समय मकान बंद था और परिवार के सभी सदस्य बाहर गए हुए थे। इसी कारण किसी प्रकार की जनहानि नहीं हुई, जिसे लोग राहत की बात मान रहे हैं। आग की लपटें उठती देख आसपास के लोग मौके पर जमा हो गए। हालात की गंभीरता को देखते हुए स्थानीय लोगों ने साहस दिखाते हुए घर का ताला तोड़ा और बाल्टी व पाइप की मदद से आग बुझाने का प्रयास शुरू किया। इसी बीच दमकल विभाग को सूचना दी गई।
सूचना मिलते ही फायर ब्रिगेड की टीम मौके पर पहुंची और कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया। आग लगने से पूरे इलाके में कुछ देर के लिए अफरा-तफरी और दहशत का माहौल बन गया। फिलहाल स्थिति पूरी तरह सामान्य है। प्रशासन द्वारा नुकसान का आकलन किया जा रहा है। प्रारंभिक जांच में आग लगने का कारण शॉर्ट सर्किट बताया जा रहा है, जबकि मामले की विस्तृत जांच जारी है।

