
उदित वाणी, जमशेदपुर : सोनारी थाना क्षेत्र स्थित एयरपोर्ट चौक पर सरस्वती पूजा विसर्जन के दौरान 28 जनवरी की देर रात दो पक्षों के बीच जमकर मारपीट हो गई. घटना के बाद इलाके में अफरा-तफरी मच गई. मामले को लेकर दोनों पक्षों की ओर से सोनारी थाने में एक-दूसरे के खिलाफ अलग-अलग प्राथमिकी दर्ज कराई गई है. फिलहाल पुलिस पूरे मामले की जांच में जुटी हुई है.
पहले पक्ष की ओर से सोनारी संबलपुरिया निवासी राहुल जाल ने शिकायत दर्ज कराई है. इसमें आरोप लगाया गया है कि विसर्जन के दौरान तरूण लाल संघ से जुड़े युवकों ने जानलेवा हमला किया और महिलाओं के साथ छेड़खानी की. इस मामले में सुजल साहू, जयंतो जाल उर्फ शिवा, निखिल, रवि, दिवांशु कर्मकार, आरके महतो, खट्टा, प्रेम, आशीष ठाकुर, तन्नु, सन्नी, पोलटा सहित 20-25 अज्ञात लोगों को आरोपी बनाया गया है.
वहीं दूसरे पक्ष की ओर से खुंटाडीह बी ब्लॉक निवासी जयंतो जाल ने थाने में मामला दर्ज कराया है. शिकायत में कहा गया है कि सरस्वती पूजा विसर्जन के दौरान कलिंगा पूजा समिति से जुड़े युवकों ने जान मारने की नीयत से हमला किया, जिसमें सिर फूटने की घटना हुई. इस मामले में रोशन सेनापति, ऋषि सेनापति, गुल्लू महानंद, सिद्धार्थ महानंद, सत्यम महानंद, समीर, आर्यन, टन्नी, गोकुल उर्फ राहुल जाल और सुब्रकांत को आरोपी बनाया गया है. सभी आरोपी संबलपुरिया बस्ती के रहने वाले बताए गए हैं.
पुलिस ने दोनों मामलों में प्राथमिकी दर्ज कर ली है और घटनास्थल से जुड़े साक्ष्यों के आधार पर जांच की जा रही है. जांच के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी.
