
उदित वाणी, जमशेदपुर : आर्मरी ग्राउंड में आयोजित ‘इंटर जेडीसी क्रिकेट टूर्नामेंट 2026’ में बुधवार के मुकाबलों में खिलाड़ियों का जबरदस्त उत्साह देखने को मिला. बुधवार को खेले गए तीन मैचों में सीआरएम, एलडी टू और एसएमडी की टीमों ने अपने प्रतिद्वंद्वियों को हराकर जीत का परचम लहराया.
मैच एक: पावर सिस्टम बनाम सीआरएम
दिन के पहले मुकाबले में पावर सिस्टम ने टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी करने का फैसला किया और 10 ओवरों में 7 विकेट के नुकसान पर 91 रन बनाए. अमित ने 18 गेंदों में 26 रन और सोनाराम ने 17 रनों का योगदान दिया. जवाब में बल्लेबाजी करने उतरी सीआरएम की टीम ने रोमांचक मोड़ पर 10 ओवरों में 9 विकेट खोकर 93 रन बना लिए और एक विकेट से मैच जीत लिया. अजय ने 9 गेंदों में 20 रनों की तेज पारी खेली. शानदार प्रदर्शन के लिए अजय को ‘मैन ऑफ द मैच’ चुना गया.
मैच दो: एलडी टू बनाम ब्लास्ट फर्नेस
दूसरे मैच में एलडी टू ने टॉस जीतकर गेंदबाजी चुनी. पहले बल्लेबाजी करते हुए ब्लास्ट फर्नेस ने 10 ओवरों में 6 विकेट खोकर 73 रन बनाए, जिसमें आरएन महतो के 30 रन (20 गेंद) शामिल थे. एलडी टू की ओर से महेश और सत्या ने 2-2 विकेट लिए. लक्ष्य का पीछा करते हुए एलडी टू ने मात्र 7 ओवरों में 2 विकेट खोकर 74 रन बना लिए और 8 विकेट से एकतरफा जीत दर्ज की. टीम की ओर से अभिजीत ने 27 रन और सत्या ने 25 रन बनाए.
मैच 3: एसएमडी बनाम कॉर्पोरेट फंक्शन
कॉर्पोरेट फंक्शन ने टॉस जीतकर एसएमडी को बल्लेबाजी के लिए आमंत्रित किया. एसएमडी ने निर्धारित 10 ओवरों में 7 विकेट पर 113 रनों का विशाल स्कोर खड़ा किया. विजय ने 31 रन और रश्मि ने 29 रनों की बेहतरीन पारियां खेलीं. लक्ष्य के जवाब में कॉर्पोरेट फंक्शन की पूरी टीम 7.2 ओवरों में केवल 52 रनों पर सिमट गई. एसएमडी की गेंदबाज रश्मि ने शानदार प्रदर्शन करते हुए 4 विकेट झटके और उन्हें ‘मैन ऑफ द मैच’ के खिताब से नवाजा गया. एसएमडी ने यह मैच 61 रनों के भारी अंतर से जीता.

